यूथ अवेयरनेस मीटअप ‘संगम 2026’ का हुआ आधिकारिक शुभारंभ
कुल्लू: युवा संस्था, जिला कुल्लू द्वारा आयोजित यूथ अवेयरनेस मीटअप “संगम 2026” का आधिकारिक शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में माननीय पूर्व शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं होटलियर एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन, मनाली के अध्यक्ष रोशन ठाकुर अध्यक्ष के रूप में तथा नीलम ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। यह कार्यक्रम युवाओं के व्यक्तित्व विकास, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता एवं सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में लगभग 50 युवा स्वयंसेवी एवं विद्यार्थी उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं।
युवा संस्था एक सामाजिक संस्था है, जो सामाजिक कार्यों के साथ-साथ युवाओं के उत्थान, विकास एवं उन्हें समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। संस्था का उद्देश्य युवाओं को उनकी प्रतिभा एवं क्षमताओं को पहचानने तथा राष्ट्र और समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना है। “संगम 2026” का आयोजन 22 अगस्त से 24 अगस्त 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विभिन्न गतिविधियों एवं प्रशिक्षण कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत टैलेंट हंट, डिजास्टर मैनेजमेंट ट्रेनिंग, वन-डे ट्रेकिंग, वृक्षारोपण अभियान, स्वच्छता अभियान तथा नेतृत्व कौशल विकास जैसी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को न केवल अपनी प्रतिभा एवं कौशल को निखारने का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों, पर्यावरण संरक्षण, आपदा प्रबंधन और नेतृत्व क्षमता के प्रति भी जागरूक किया जाएगा। युवा संस्था ने “संगम 2026” को युवाओं के लिए सीखने, जुड़ने, नेतृत्व करने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का एक सार्थक मंच बताया है।