खेतों में पानी लगाने जा रहे युवक को घेरा, कार सवार चार लोगों ने तलवार-टकुआ से किया हमला
गांव दौधर शरीकी में खेतों में पानी लगाने जा रहे एक युवक पर कार सवार चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हमला करने का मामला सामन
मोगा: गांव दौधर शरीकी में खेतों में पानी लगाने जा रहे एक युवक पर कार सवार चार अज्ञात व्यक्तियों द्वारा हमला करने का मामला सामने आया है। हमलावरों ने पहले मोटरसाइकिल को टक्कर मारकर युवक को सड़क पर गिराया और इसके बाद कार से उतरकर उसके साथ मारपीट की। घटना के संबंध में थाना बधनी कलां पुलिस ने चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
थाना बधनी कलां के एसआई परमिंदर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि गांव दौधर शरीकी निवासी लवजोत सिंह ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह 5 सितंबर की रात करीब 9:30 से 10 बजे के बीच अपनी मोटरसाइकिल नंबर PB-10-DS-9328 पर सवार होकर अपने खेतों में पानी लगाने के लिए जा रहा था।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब वह रसूलपुर वाली सड़क के पास पहुंचा तो अचानक पीछे से आई एक बिना नंबर की सफेद रंग की वर्ना कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से वह मोटरसाइकिल से नीचे गिर गया। इसके बाद कार में सवार चार अज्ञात व्यक्ति बाहर निकले।
शिकायतकर्ता ने बताया कि इन व्यक्तियों में दो के हाथों में तलवारें, एक के हाथ में टकुआ था, जबकि एक व्यक्ति खाली हाथ था। आरोपियों ने कथित तौर पर उसे बुरी तरह पीटा और हमला करने के बाद मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान दर्ज किए और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया। पुलिस द्वारा घटना की जांच की जा रही है तथा आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के क्षेत्र में पूछताछ और अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की जांच जारी है।