मालवा कॉलेज में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम, छात्रों को मतदान के महत्व की दी जानकारी

📍 स्थान / Location: Bathinda 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 21, 2026 🌐 GPS: Bathinda

बठिंडा: मतदाताओं को उनके अधिकारों और मतदान प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मालवा कॉलेज में विशेष मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन SIR (विशेष गहन संशोधन) के तहत बठिंडा (शहरी)-92 विधानसभा क्षेत्र की SWEEP टीम की ओर से किया गया।

यह कार्यक्रम जिला चुनाव अधिकारी-सह-उपायुक्त राजेश धीमान और बठिंडा के एसडीएम एस. अमनदीप सिंह मावी के मार्गदर्शन में हुआ। SWEEP नोडल अधिकारी चमकौर सिंह सिद्धू (डिप्टी DEO) और डॉ. मीना भारती की देखरेख में टीम ने विद्यार्थियों को मतदान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

कार्यक्रम में गुरबख्श लाल ने विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था में मतदान की भूमिका के बारे में बताया। उन्होंने नए मतदाता के रूप में पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 तथा मतदाता सूची में दर्ज जानकारी में संशोधन के लिए फॉर्म-8 के इस्तेमाल की जानकारी दी। विद्यार्थियों को बताया गया कि इन फॉर्मों को ऑफलाइन जमा करने के अलावा ऑनलाइन माध्यम से मोबाइल फोन के जरिए भी भरा जा सकता है।

भाषण और पोस्टर प्रतियोगिता करवाई

विद्यार्थियों में मतदान को लेकर जागरूकता बढ़ाने के लिए ‘लोकतंत्र में वोट का महत्व’ विषय पर भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसके साथ ही पोस्टर मेकिंग प्रतियोगिता के जरिए भी छात्रों को लोकतांत्रिक अधिकारों और जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।

प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशंसा पत्र और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इससे छात्रों में मतदान प्रक्रिया को समझने और लोकतंत्र में अपनी भूमिका निभाने के प्रति उत्साह देखने को मिला।

ECINET ऐप की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जॉनी सिंगला और सुभाष चंद ने विद्यार्थियों को ECINET ऐप के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने ऐप के उपयोग और मतदाताओं के लिए इसकी उपयोगिता के संबंध में जरूरी जानकारी साझा की। इस अवसर पर सुमित गोयल, कॉलेज प्रमुख डॉ. मंजीत सिंह, कॉलेज इंचार्ज योगेश कुमार, सुनैना, SWEEP टीम के सदस्य राम उजागर और दीपक सिंगला सहित कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे।

Scroll to Top