वाहनों की होगी नीलामी, 2,840 रुपये से लगेगी बोली, 31 अगस्त को जगराओं में होगा ऑक्शन

📍 स्थान / Location: लुधियाना 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Auctioned 📅 August 22, 2026 🌐 GPS: लुधियाना

लुधियाना देहात पुलिस 82 जब्त वाहनों की करेगी नीलामी

लुधियाना: देहात पुलिस नशा तस्करी और अन्य अपराधों में जब्त किए गए 82 वाहनों की नीलामी करने जा रही है। यह नीलामी 31 अगस्त, 2026 को दोपहर 12 बजे जगराओं पुलिस लाइन में आयोजित की जाएगी। नीलामी में स्कॉर्पियो, ट्रक, कार, बाइक, एक्टिवा, बुलेट और पल्सर जैसे विभिन्न प्रकार के वाहन शामिल हैं।

आईएनएसपी जतिंदर कौर ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि विभिन्न मामलों में जब्त किए गए ये वाहन लंबे समय से पुलिस थानों में खड़े थे। आरोपियों या उनके परिजनों द्वारा आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत न करने के कारण ये वाहन थानों में खराब हो रहे थे। सरकारी और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के बाद अब इन वाहनों की नीलामी का निर्णय लिया गया है।

नीलामी के लिए पुलिस अधिकारी से करना होगा संपर्क
नीलामी सूची में एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषसिद्ध मामलों में जब्त किए गए वाहन भी शामिल हैं। इन वाहनों की आरक्षित कीमत 2,840 रुपये से शुरू होती है, जबकि बड़े वाहनों की आरक्षित कीमत लाखों रुपये तक है। उदाहरण के लिए, एक अशोक लेलैंड ट्रक की आरक्षित कीमत 2.34 लाख रुपये और एक अन्य ट्रक की आरक्षित कीमत 2.60 लाख रुपये निर्धारित की गई है।

‘जैसे हैं, जहां हैं’ के आधार पर बेचे जाएंगे वाहन
पुलिस ने जानकारी दी कि नीलामी में शामिल सभी वाहन “जैसे हैं, जहां हैं” (AS IS WHERE IS और AS IS WHAT IS) के आधार पर बेचे जाएंगे। इच्छुक बोलीदाता निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए नीलामी में भाग ले सकते हैं। नीलामी से संबंधित अधिक जानकारी के लिए पुलिस अधिकारियों से संपर्क किया जा सकता है।

Scroll to Top