श्रीनगर सेंट्रल जेल से फरार दो अंडरट्रायल कैदी को राजस्थान में किया गिरफ्तार
श्रीनगर: प्रोटेक्शन ऑफ़ चिल्ड्रन फ्रॉम सेक्सुअल ऑफेंस (POCSO) एक्ट के तहत अलग-अलग मामलों में सेंट्रल जेल श्रीनगर में बंद दो अंडरट्रायल कैदियों को राजस्थान के चुरू ज़िले के राजगढ़ से गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों 23 अगस्त को जेल से फरार हो गए थे। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान निवासी फरमान खान और अनंतनाग निवासी मुख्तार अहमद गुज्जर के रूप में हुई है। अधिकारियों के मुताबिक, श्रीनगर पुलिस ने राजस्थान पुलिस की मदद से तीन दिन तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन के बाद दोनों को राजगढ़ में ढूंढ निकाला। दोनों को हिरासत में लेकर श्रीनगर वापस लाने के लिए श्रीनगर पुलिस की टीमें राजस्थान रवाना हो चुकी हैं।
फरमान खान को पुलिस स्टेशन लार में दर्ज FIR नंबर 19/2026 के सिलसिले में सेंट्रल जेल श्रीनगर में रखा गया था। उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 137(2) और 87 तथा POCSO एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज है। वहीं, मुख्तार अहमद गुज्जर के खिलाफ पुलिस स्टेशन सौरा में दर्ज FIR नंबर 20/2026 के तहत कार्रवाई चल रही थी। उस पर BNS की धारा 137(2) और 65(1) तथा POCSO एक्ट की धारा 3 और 4 के तहत मामला दर्ज है।
बताया जा रहा है कि दोनों 23 अगस्त को हाई-सिक्योरिटी सेंट्रल जेल श्रीनगर से फरार हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने लुकआउट नोटिस जारी कर जम्मू-कश्मीर समेत अन्य राज्यों में उनकी तलाश शुरू की थी। दोनों की गिरफ्तारी के साथ ही फरार कैदियों की तलाश पूरी हो गई है। हालांकि, सेंट्रल जेल श्रीनगर से उनके फरार होने की परिस्थितियों की जांच अभी जारी है।