रोहड़ू में पब्बर नदी में डूबे दो किशोर, नहीं लगा अब तक कोई सुराग, सर्च ऑपरेशन जारी
शिमला। शिमला जिले के रोहड़ू में मंगलवार शाम पब्बर नदी में नहाने उतरे दो 16 वर्षीय किशोर गहरे पानी में डूब गए। दोनों का देर रात तक कोई सुराग नहीं लग पाया। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन अंधेरा होने के कारण तलाश रोकनी पड़ी। बुधवार सुबह फिर से दोनों की तलाश शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों किशोर स्कूल से लौटने के बाद पब्बर नदी में नहाने के लिए उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। साथ मौजूद स्कूली बच्चों ने घटना की सूचना प्रशासन को दी। प्रशासन को नदी किनारे दोनों किशोरों के कपड़े और जूते मिले हैं। स्थानीय स्तर पर तलाश अभियान चलाने के बाद अब शिमला से NDRF की टीम को भी रोहड़ू बुलाया गया है। टीम नदी में दोनों किशोरों की तलाश कर रही है। पुलिस और प्रशासन के जवान भी सर्च ऑपरेशन में जुटे हुए हैं।
नदी में डूबे किशोरों की पहचान शिवेन रोशन पुत्र शिशु पाल निवासी करासा और सक्षम पुत्र राजदेव निवासी बनोटी के रूप में हुई है। दोनों की उम्र 16-16 वर्ष बताई जा रही है। दोनों किशोर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बॉयज रोहड़ू में पढ़ते थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्कूल परिवार और पूरे क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
SDM रोहड़ू धर्मेश रामोत्र ने बताया कि दोनों किशोरों की तलाश जारी है। शिमला से NDRF की टीम को बुलाया गया है और नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।उन्होंने कहा कि बच्चों को जल्द से जल्द ढूंढने का प्रयास किया जा रहा है।
ये पहली बार नहीं है जब रोहडू क्षेत्र में बहने वाली पब्बर नदी में बच्चे इस तरह के हादसे का शिकार हुए हैं यही वजह है कि प्रशासन द्वारा नदी के किनारे किए गए सुरक्षा इंतजामों पर समय समय पर सवाल उठते रहे हैं लेकिन हादसों के बाद भी लगता है कि प्रशासन कुंभकर्णी नींद सोया हुआ है।