लुधियाना में अवैध गैस सिलेंडर और देसी शराब बेचने के आरोप में दो गिरफ्तार
छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरकर व देसी शराब बेचने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया
लुधियाना: शहर में अवैध गैस सिलेंडरों की बिक्री और देसी शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लुधियाना पुलिस जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ मिलकर अवैध गैस की कालाबाजारी और छोटे सिलेंडरों में गैस भरकर बेचने वालों के खिलाफ लगातार छापेमारी कर रही है।
इसी अभियान के तहत हैबोवाल पुलिस ने एक व्यक्ति को बड़े गैस सिलेंडर से छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरकर बेचने के आरोप में मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक गैस सिलेंडर, बड़ा गैस बर्नर पंप और अन्य सामान बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान संगम चौक के पास रहने वाले जगन्नाथ पुत्र केदारनाथ के रूप में हुई है।
हैबोवाल इंस्पेक्टर जसबीर सिंह ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अवैध रूप से छोटे गैस सिलेंडरों में गैस भरकर बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गैस कहां से प्राप्त करता था और इस अवैध कारोबार में उसके साथ और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।
वहीं, दूसरे मामले में हैबोवाल पुलिस ने गोपाल नगर निवासी सुमित कुमार को कथित तौर पर देसी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सुमित कुमार कब से देसी शराब के कारोबार में शामिल था, उसके साथ इस धंधे में और कौन लोग जुड़े हैं तथा किन-किन इलाकों में शराब की सप्लाई की जा रही थी।