ठियोग-रामपुर NH-5 पर चार घंटे थमी आवाजाही, पेड़ गिरने से मार्ग बंद
ठियोग-रामपुर NH-5 पर चार घंटे थमी आवाजाही, पेड़ गिरने से मार्ग बंद
शिमला: ठियोग-रामपुर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-5) पर मंगलवार सुबह जनोग घाट के समीप पहाड़ी का कटाव होने से चार पेड़ सड़क पर आ गिरे। पेड़ों के सड़क पर गिरने से राष्ट्रीय राजमार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। इसके चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और करीब चार घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।
सुबह करीब पांच बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब पांच बजे जनोग घाट के पास पहाड़ी का कटाव हुआ। इसी दौरान चार पेड़ उखड़कर सड़क पर गिर गए। अचानक मार्ग बंद होने से ठियोग, रामपुर और आसपास के क्षेत्रों की ओर जाने वाले कई वाहन रास्ते में फंस गए। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने स्थिति का जायजा लेने के बाद सड़क पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम शुरू किया। जवानों ने कड़ी मशक्कत करते हुए पेड़ों को काटकर सड़क से हटाया और यातायात बहाल करने का प्रयास किया।