मोगा: मोबाइल टावर से चोरी की कोशिश, 3 आरोपी गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद

📍 स्थान / Location: फतिहगढ़ पंजतूर मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Fatehgarh Panjtoor Police 📅 September 2, 2026

थाना फतिहगढ़ पंजतूर पुलिस ने मोबाइल टावर से सामान चोरी करने की कोशिश के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलि

मोगा: थाना फतिहगढ़ पंजतूर पुलिस ने मोबाइल टावर से सामान चोरी करने की कोशिश के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लवप्रीत सिंह उर्फ लवी पुत्र जगसीर सिंह निवासी फतिहगढ़ पंजतूर, जसप्रीत सिंह उर्फ जसन पुत्र चरणजीत सिंह निवासी फतिहगढ़ पंजतूर तथा जिओण सिंह उर्फ जिओणा पुत्र सतनाम सिंह निवासी सैदे शाह वाला के रूप में हुई है।पुलिस के अनुसार इस संबंध में गुरमेज सिंह पुत्र गुरनाम सिंह निवासी गांव बहोना, थाना महणा ने शिकायत दर्ज करवाई थी।

शिकायतकर्ता एक निजी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी सुपरवाइजर कार्यरत है। उसने पुलिस को बताया कि 1 सितंबर की रात करीब एक बजे गांव किली कंधरा क्षेत्र में मोबाइल टावर खराब होने संबंधी अलार्म बजा था। इसके बाद वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचा।शिकायतकर्ता के अनुसार जब टीम मोबाइल टावर के पास पहुंची तो वहां कुछ लोगों द्वारा टावर से सामान चोरी करने की कोशिश की जा रही थी।

टीम को देखकर आरोपी मौके पर एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल छोड़कर फरार हो गए। इसके बाद शिकायतकर्ता द्वारा मामले की जांच-पड़ताल की गई। जांच के दौरान सामने आया कि लवप्रीत सिंह उर्फ लवी, जसप्रीत सिंह उर्फ जसन और जिओण सिंह उर्फ जिओणा ने आपस में मिलकर मोबाइल टावर से चोरी करने की कोशिश की थी। पुलिस ने मौके पर छोड़ी गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के आधार पर भी जांच आगे बढ़ाई और आरोपियों की पहचान की।

थाना फतिहगढ़ पंजतूर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ अलग अलग धाराओं तथा टेलीकम्युनिकेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उन्होंने इससे पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है या नहीं।

Scroll to Top