नशा-मुक्त समाज के लिए आगे आए तरनतारन के युवा, सांस्कृतिक कार्यक्रमों से दिया संदेश
तरनतारन: युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से जागरूक करने और उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ाने के उद्देश्य से तरनतारन में जिला स्तरीय ‘ड्रग-फ्री यूथ फॉर डेवलप्ड इंडिया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ‘मेरा युवा भारत’ तरनतारन ने डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर के नेतृत्व में श्री गुरु अर्जुन देव गवर्नमेंट कॉलेज के सहयोग से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों से छात्र और युवा कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन के दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने के साथ-साथ देश के विकास में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
युवाओं को जागरूक करने पर जोर
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। डिप्टी डायरेक्टर जसलीन कौर ने कहा कि नशा-मुक्त समाज बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं को देश की ताकत बताते हुए कहा कि जागरूक और जिम्मेदार युवा ही विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।
कॉलेज की प्रिंसिपल अमनदीप भट्टी मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचीं। उन्होंने छात्रों से नशे से दूरी बनाए रखने और स्वस्थ, अनुशासित व जिम्मेदार जीवनशैली अपनाने की अपील की।
नुक्कड़ नाटक और प्रतियोगिताओं से दिया संदेश
कार्यक्रम में छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के कारण होने वाले नुकसान को सामने रखा। इस प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया और नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया। इसके अलावा वाद-विवाद, स्लोगन लेखन, पेंटिंग, स्लैम पोएट्री, लोक संगीत, नृत्य और रील प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं। इन गतिविधियों में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा के जरिए नशा-मुक्त भारत का संदेश दिया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बढ़ाया उत्साह
कार्यक्रम में युवाओं की ओर से विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी पेश की गईं। विद्यार्थियों के प्रदर्शन में उनका उत्साह और रचनात्मकता देखने को मिली। कार्यक्रम का माहौल युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा से भरा रहा।
विजेताओं को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम के अंत में पुरस्कार वितरण समारोह हुआ। मुख्य अतिथि अमनदीप भट्टी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया। आयोजन को सफल बनाने में कॉलेज की कोऑर्डिनेटर सिमरन कौर, मनदीप कौर, मनप्रीत कौर, NSS कोऑर्डिनेटर और कॉलेज प्रशासन का सहयोग रहा। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद प्रस्ताव पेश किया गया और राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।