चीनी के बढ़ते दामों से बिगड़ा आम आदमी की रसोई का बजट, महंगी हुई मिठाई
अमृतसर: महंगाई ने आम जनता का जीवन दूभर कर रखा है। आए दिन खाने-पीने की वस्तुओं के दामों में बेतहाशा बढ़ोतरी हो रही है, जिससे लोगों का घरेलू बजट पूरी तरह गड़बड़ा गया है। पिछले दिनों चीनी की कीमतों में करीब 25 से 30 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इससे लोगों की रसोई का बजट बिगड़ गया है। अब इसका असर मिठाई की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है।
मिठाई विक्रेताओं का कहना है कि लगभग हर प्रकार की मिठाई में चीनी का इस्तेमाल होता है और बीते दिनों चीनी के दाम में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ऐसे में मिठाई की लागत बढ़ने के साथ-साथ इसकी कीमतों में भी इजाफा होने लगा है। मिठाई विक्रेताओं ने कहा कि त्योहारों का सीजन सिर पर है और जिस तरह से चीनी के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, उससे लोगों को आने वाले दिनों में मिठाइयां महंगे दामों पर खरीदनी पड़ सकती हैं। इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ेगा।
दुकानदारों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरत की हर चीज महंगी होती जा रही है। यदि सरकार ने समय रहते महंगाई पर शिकंजा नहीं कसा तो आम आदमी के लिए मिठाई खरीदना भी मुश्किल हो जाएगा। उन्होंने सरकार से मांग की कि चीनी के बढ़ते दामों पर सख्ती से नियंत्रण किया जाए, ताकि लोगों को चीनी पहले वाली कीमतों के आसपास मिल सके और त्योहारों के दौरान मिठाइयां भी उचित दामों पर उपलब्ध हो सकें।