जालंधर के सीटी इंस्टीट्यूट में छात्रों के दो गुट भिड़े, पुलिस ने संभाला मामला

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 CT Institute 📅 August 21, 2026 🌐 GPS: Jalandhar

जालंधर के सीटी इंस्टीट्यूट में छात्रों के दो गुट भिड़े, पुलिस ने संभाला मामला

https://we.tl/t-eE2VD58187JB8R6G

जालंधर: शाहपुर स्थित सीटी इंस्टीट्यूट के कैंपस में छात्रों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि कैंटीन में खाने को लेकर शुरू हुआ विवाद बाद में छात्रों के बीच झड़प में बदल गया। घटना के बाद कैंपस में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

खाने में टैबलेट मिलने को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के अनुसार, कश्मीरी छात्रों ने कैंटीन में खाने को लेकर शिकायत की। कथित तौर पर खाने में टैबलेट मिलने के बाद उन्होंने कैंटीन संचालक से आपत्ति जताई। इस पर कुछ अन्य छात्रों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों छात्र गुट आमने-सामने आ गए।

तेजधार हथियार चलने की बात से पुलिस का इनकार

सूत्रों के हवाले से दोनों पक्षों के बीच तेजधार हथियार चलने की बात भी सामने आई थी। हालांकि, थाना नंबर 5 पुलिस ने इस तरह की किसी घटना से इनकार किया है।

पुलिस का कहना है कि छात्रों के बीच विवाद हुआ था, लेकिन स्थिति को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया। पुलिस ने लोगों से घबराने की जरूरत नहीं होने की बात कही है।

भगदड़ जैसी स्थिति, कैंपस गेट किए गए बंद

छात्रों के बीच विवाद के दौरान कैंपस में मौजूद अन्य छात्रों के बीच भी अफरा-तफरी मच गई। घटना की जानकारी प्रबंधन तक पहुंचने के बाद कॉलेज के गेट बंद कर दिए गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस के मौके पर पहुंचने के बाद स्थिति को शांत कराया गया।

एडीसीपी ने कहा- दोषी के खिलाफ होगी कार्रवाई

मौके पर पहुंचीं एडीसीपी सिटी-2 माधवी शर्मा ने कहा कि पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित कर लिया है और मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

SHO बोले- विवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश

थाना नंबर 5 के एसएचओ यादविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को कैंटीन में खाने को लेकर कश्मीरी और अन्य छात्रों के बीच विवाद की सूचना मिली थी।

एसएचओ के मुताबिक, कुछ छात्रों की ओर से विवाद को धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई, लेकिन पुलिस ने समय पर पहुंचकर माहौल शांत कर दिया। फिलहाल दोनों छात्र गुटों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।

Scroll to Top