मोगा में ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के तहत विशेष सफाई अभियान, बड़े डंपों से हटाया गया कूड़ा
मोगा: पंजाब सरकार द्वारा शुरू किए गए ‘मिशन क्लीन पंजाब’ के दूसरे चरण के तहत आज हलका मोगा की नेसले के नजदीक रेलवे क्रॉसिंग के पास विशेष सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान शहर के विभिन्न बड़े डंपों की सफाई करवाकर कूड़े के ढेरों को हटाया गया।
इस अवसर पर हलका विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा, नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर राकेश काला बजाज, डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, पार्षद तथा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस मौके पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि पंजाब सरकार की ओर से शुरू किया गया ‘मिशन क्लीन पंजाब’ प्रदेश को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण अभियान है।
उन्होंने कहा कि मोगा शहर को साफ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि शहर के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि कूड़ा निर्धारित स्थान पर ही डालें, गीले और सूखे कूड़े को अलग-अलग रखें तथा सफाई व्यवस्था बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक नागरिक अपने आसपास सफाई रखने का संकल्प ले तो मोगा को स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने का लक्ष्य आसानी से हासिल किया जा सकता है।
विधायक ने कहा कि ‘साफ मोगा, सोहणा मोगा’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए सफाई अभियान लगातार जारी रखा जाएगा और शहर के बड़े डंपों तथा सार्वजनिक स्थानों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि “आइए, हम सभी मिलकर अपने शहर मोगा को स्वच्छ, सुंदर और कूड़ा-मुक्त बनाने में अपना योगदान दें। साफ पंजाब—सोहणा पंजाब ही हमारा लक्ष्य है।” इस दौरान नगर निगम अधिकारियों, कर्मचारियों, पार्षदों और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सफाई अभियान में सहयोग दिया।