कुल्लू: जिला स्तरीय तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप में नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता सत्र, मिशन “साझ”के तहत किया जागरूक
कुल्लू। पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हरिपुर में आयोजित जिला स्तरीय तृतीय सोपान टेस्टिंग कैंप के दौरान स्काउट्स एवं गाइड्स के लिए नशे के खिलाफ विशेष जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। सत्र का उद्देश्य बच्चों को कम उम्र से ही नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने के लिए जागरूक एवं प्रेरित करना रहा।
विशेष सत्र टीम सहभागिता के निदेशक बीजू हिमदल द्वारा लिया गया। पारंपरिक भाषण के बजाय बच्चों के साथ कैजुअल टॉक एवं संवाद के माध्यम से नशे के कारणों, इसके दुष्प्रभावों, गलत संगत, सामाजिक दबाव और बचाव के तरीकों पर खुलकर चर्चा की गई।
बीजू हिमदल ने कहा कि बच्चों को केवल नशे के नुकसान बताना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनमें आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना भी जरूरी है। दोस्ताना और सहज माहौल में संवाद करने से बच्चे बिना झिझक अपने सवाल और विचार सामने रख पाते हैं।
उन्होंने कहा कि स्काउटिंग का उद्देश्य केवल गतिविधियों और कौशल तक सीमित नहीं है, बल्कि जिम्मेदार, अनुशासित और जागरूक नागरिक तैयार करना भी है। बच्चों को सेवा, अनुशासन, जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना के साथ नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया गया।
कुल्लू जिला पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक सेकर के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘SAAJH’ नशा जागरूकता अभियान की भावना के अनुरूप यह सत्र आयोजित किया गया। टीम सहभागिता ने कार्यक्रम की अनुमति एवं सहयोग के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स हिमाचल प्रदेश के स्टेट ट्रेनिंग कमिश्नर श्री मनोहर लाल ठाकुर, जिला कुल्लू की स्काउटिंग एवं गाइडिंग टीम तथा कैंप के सभी आयोजकों का आभार व्यक्त किया।
बीजू हिमदल ने कहा कि भविष्य में भी स्कूलों और समुदायों में ऐसे संवादात्मक जागरूकता कार्यक्रम जारी रखे जाएंगे।