Shimla: ठियोग में 17 ग्राम चिट्टे के साथ दो आरोपी गिरफ्तार, वाहन बरामद

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 accused arrested 📅 September 13, 2026 🌐 GPS: शिमला

\

शिमला। नशे के अवैध कारोबार और तस्करी के खिलाफ शिमला पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी अभियान के तहत ठियोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए करीब 17 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 12 सितंबर 2026 को डिटेक्शन सेल, उपमंडल ठियोग की टीम चायला कैंची क्षेत्र में गश्त पर मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि सैंज क्षेत्र के भोटका मोड़ के समीप एक वाहन में सवार दो व्यक्ति चिट्टा/हेरोइन की खरीद-फरोख्त में संलिप्त हैं।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए बताए गए वाहन को जांच के लिए रोका। स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली गई। वाहन में दो व्यक्ति सवार पाए गए, जिनकी पहचान 34 वर्षीय मोहित गेटा, निवासी कोटखाई तथा 36 वर्षीय किंचित चौहान, निवासी कोटखाई के रूप में हुई।

तलाशी के दौरान पुलिस ने मोहित गेटा के कब्जे से लगभग 17 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की। इसके बाद पुलिस थाना ठियोग में अभियोग संख्या 131/2026, धारा 21 और 29 एनडीपीएस अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस मामले में नशे की सप्लाई से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

Scroll to Top