कुल्लू रघुनाथ हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं शुरू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर ने किया स्वागत

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Doctors Services 📅 October 19, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू: रघुनाथ हॉस्पिटल, कुल्लू में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। अस्पताल में दो विशेषज्ञ चिकित्सकों के जुड़ने से अब क्षेत्र के लोगों को नवजात शिशुओं, बच्चों के हृदय रोगों तथा हड्डी रोगों के उपचार के लिए बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू डॉ. रंजीत ठाकुर ने दोनों चिकित्सकों का स्वागत किया।

अस्पताल में डॉ. प्रवीन महाजन, कंसल्टेंट नियोनेटोलॉजिस्ट एवं पीडियाट्रिक कार्डियोलॉजिस्ट अपनी सेवाएं देंगे वह नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल तथा बच्चों में हृदय संबंधी बीमारियों के विशेषज्ञ हैं। उनके जुड़ने से नवजात शिशुओं की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं और बच्चों के हृदय रोगों के लिए विशेषज्ञ परामर्श एवं उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी।

वहीं डॉ. दीपक खंडेलवाल, MBBS, MS (Orthopaedics) हड्डी रोग विशेषज्ञ के रूप में अपनी सेवाएं देंगे। वे हड्डियों, जोड़ों और मांसपेशियों से संबंधित समस्याओं के उपचार तथा आवश्यकतानुसार ऑर्थोपेडिक सर्जरी की सेवाएं प्रदान करेंगे।

रघुनाथ हॉस्पिटल में अब दोनों विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियमित OPD संचालित होंगी तथा आवश्यकतानुसार ऑपरेशन भी किए जाएंगे। इससे कुल्लू और आसपास के क्षेत्रों के मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श, जांच, उपचार और शल्य चिकित्सा की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर प्राप्त करने में मदद मिलेगी।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजीत ठाकुर द्वारा दोनों चिकित्सकों का स्वागत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता से मरीजों को समय पर उपचार मिलने और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने में सहायता मिलेगी।

रघुनाथ हॉस्पिटल प्रबंधन के अनुसार, अस्पताल का उद्देश्य कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है। नए विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति और नियमित ओ पी डी एवं ऑपरेशन सेवाओं के माध्यम से अस्पताल इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

Scroll to Top