जालंधरः लंबे बिजली कट से परेशान लोगों का फूटा गुस्सा, देर रात सड़क जाम कर विभाग के खिलाफ की नारेबाजी

📍 स्थान / Location: जालंधर फोकल प्वाइंट 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Jalandhar News 📅 September 12, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधरः इंडस्ट्रियल एरिया में लगातार 10 से 11 घंटे के लंबे बिजली कट से परेशान लोगों का गुस्सा देर रात फूट पड़ा। लोगों ने रात करीब साढ़े 11 बजे सोढल चौक पर सड़क जाम कर बिजली विभाग और इलाके के पार्षद अश्वनी अग्रवाल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के कारण कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि उनके इलाके में शाम करीब 7 बजे से अगले दिन सुबह 6 बजे तक लगातार बिजली कट लगाया जा रहा है। लंबे समय तक बिजली बंद रहने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली सप्लाई प्रभावित होने से पीने के पानी की व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। लोगों का कहना था कि रातभर बिजली न होने के कारण गर्मी में सोना भी मुश्किल हो गया है।

लोगों ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के JE और XEN समेत अधिकारियों से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा। अधिकारियों की ओर से पटियाला मुख्यालय से मैसेज आने और ऊपर से ही बिजली कट लगाए जाने की बात कही जाती है।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि इंडस्ट्रियल एरिया में फैक्ट्रियों की बिजली बंद करनी है तो की जाए, लेकिन घरेलू उपभोक्ताओं को रातभर परेशान क्यों किया जा रहा है? वहीं लोगों ने पार्षद अश्वनी अग्रवाल पर भी नाराजगी जताते हुए आरोप लगाया कि फोन करने के बावजूद वह मौके पर नहीं पहुंचते। लोगों ने कहा कि पार्षद चुनाव के समय ही दिखाई देते हैं। इस दौरान लोगों ने पार्षद के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली।

Scroll to Top