पंजाब में बिजली संकट, थर्मल प्लांट की कई यूनिट बंद
पटियाला: पंजाब में थर्मल प्लांट की कई यूनिट बंद होने से बिजली उत्पादन में बड़ी कमी आई है। इस वजह से घरेलू, खेती और इंडस्ट्रियल कंज्यूमर्स को बिना बताए बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, तलवंडी साबो पावर प्लांट की एक यूनिट बंद है, जबकि राजपुरा में मौजूद नाभा पावर प्लांट की दोनों यूनिट पूरी क्षमता से नहीं चल रही हैं।
सरकारी लहरा मोहब्बत थर्मल प्लांट की भी एक यूनिट बंद है। इसी तरह रोपड़ में GGSSTP की यूनिट नंबर-6 भी लंबे समय से बंद बताई जा रही है। गोइंदवाल थर्मल प्लांट की दोनों यूनिट चालू हैं, लेकिन पूरी क्षमता से बिजली नहीं बना रही हैं।
थर्मल प्लांट में बिजली उत्पादन में कमी का मुख्य कारण कोयले की कमी और सप्लाई पर असर बताया जा रहा है। बिजली मंत्री तरुणप्रीत सिंह सौंद ने भी माना है कि कोयले की सप्लाई पर असर पड़ने की वजह से थर्मल प्लांट लगभग आधी क्षमता पर चल रहे हैं। पंजाब के पांच थर्मल प्लांट कुल 5680 MW की क्षमता के मुकाबले सिर्फ 3250 से 3500 MW बिजली बना रहे हैं। शाम को सोलर एनर्जी कम होने से बिजली संकट और बढ़ने की संभावना है।