अमृतसर में पीआईबी की ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला, केंद्र की जनकल्याणकारी योजनाओं पर हुआ संवाद

📍 स्थान / Location: Amritsar 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Amritsar News 📅 August 21, 2026 🌐 GPS: Amritsar

अमृतसर: पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) चंडीगढ़ की जालंधर शाखा की ओर से अमृतसर में ‘वार्तालाप’ मीडिया कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम में स्थानीय पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यशाला का मुख्य विषय ‘केंद्र सरकार की योजनाओं की जनकल्याण में भूमिका’ रहा, जिस पर विभिन्न विभागों के अधिकारियों और मीडिया प्रतिनिधियों के बीच चर्चा हुई। कार्यशाला के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग, स्वास्थ्य सेवाओं, सामाजिक सुरक्षा और युवाओं को नशे से दूर रखने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जानकारी साझा की गई।

अमृतसर में हाईवे परियोजनाओं की जानकारी

एनएचएआई अमृतसर के मैनेजर टेक्नोलॉजी जसप्रीत ने जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग बुनियादी ढांचे के विस्तार पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि अमृतसर इकाई के तहत करीब 595 किलोमीटर क्षेत्र से जुड़े 12 प्रोजेक्ट लगभग 5,668 करोड़ रुपये की लागत से संचालित किए जा रहे हैं, जबकि नौ परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं। उन्होंने वाहन चालकों से अपील की कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर यात्रा के दौरान किसी आपात स्थिति में 24 घंटे उपलब्ध 1033 हेल्पलाइन का उपयोग किया जा सकता है।

स्वास्थ्य योजनाओं से लोगों को मिल रही सुविधाएं

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के जिला मास एजुकेशन एवं इंफॉर्मेशन अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह ने नेशनल हेल्थ मिशन की योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नागरिक देश के विकास में अधिक प्रभावी योगदान दे सकते हैं।

उन्होंने बताया कि अमृतसर जिले में 178 हेल्थ एंड वेलनेस क्लीनिक कार्यरत हैं, जिनके माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं। जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम, जननी सुरक्षा योजना और टीकाकरण जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया गया।

युवाओं को नशे से बचाने पर जोर

स्टेट अवार्डी एवं सेवानिवृत्त जिला गाइडेंस काउंसलर परमिंदर सिंह सैणी ने ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ पर विचार रखे। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति उसकी सबसे बड़ी ताकत है और युवाओं को नशे से दूर रखना पूरे समाज की जिम्मेदारी है।

उन्होंने नशे के खिलाफ जागरूकता को जनआंदोलन का रूप देने की आवश्यकता पर जोर दिया और कहा कि परिवार, शैक्षणिक संस्थानों, सामाजिक संगठनों तथा प्रशासन को मिलकर इस दिशा में काम करना चाहिए।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की दी जानकारी

चीफ जिला लीड मैनेजर अमृतसर अपर्णा शर्मा ने केंद्र सरकार की विभिन्न वित्तीय सुरक्षा योजनाओं के बारे में पत्रकारों को जानकारी दी। उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और अटल पेंशन योजना के पात्रता नियमों तथा लाभों की जानकारी साझा की।

उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना में 18 से 70 वर्ष तक के पात्र लोग 20 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये तक का दुर्घटना बीमा ले सकते हैं। प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के तहत 18 से 50 वर्ष की आयु के पात्र लोगों को 436 रुपये वार्षिक प्रीमियम पर 2 लाख रुपये का जीवन बीमा मिलता है। वहीं, अटल पेंशन योजना में पात्र नागरिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद निर्धारित योगदान के आधार पर 1,000 से 5,000 रुपये तक मासिक पेंशन का प्रावधान है। उन्होंने साइबर सुरक्षा से जुड़े जरूरी सावधानियों के बारे में भी जानकारी दी और लोगों को ऑनलाइन धोखाधड़ी से सतर्क रहने का संदेश दिया।

मीडिया और सरकार के बीच संवाद को बताया उपयोगी

जिला लोक संपर्क अधिकारी अमृतसर इंद्रजीत सिंह ने ‘वार्तालाप’ कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से सरकारी विभागों और मीडिया के बीच संवाद बेहतर होता है। उन्होंने कहा कि मीडिया के माध्यम से सरकारी योजनाओं की सही जानकारी आम जनता तक पहुंचाने में इस तरह के कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

पीआईबी जालंधर के मीडिया एवं संचार अधिकारी डॉ. विक्रम सिंह ने अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत किया। उन्होंने ‘वार्तालाप’ को सरकारी योजनाओं और नीतियों से जुड़ी जानकारी साझा करने का प्रभावी मंच बताया। साथ ही उन्होंने सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के विभिन्न संगठनों और पीआईबी की रिसर्च यूनिट की भूमिका के बारे में भी जानकारी दी।

कार्यशाला के अंत में सूचना सहायक डॉ. सुखदीप सिंह ने सभी वक्ताओं, पत्रकारों और आयोजन से जुड़े सदस्यों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं को लेकर हुए संवाद से मीडिया को तथ्यात्मक जानकारी मिली, जिससे भविष्य में इनका लाभ आम लोगों तक बेहतर तरीके से पहुंचाने में मदद मिलेगी।

Scroll to Top