वननेस वन अभियान के तहत देशभर में लगाए गए 10 लाख पौधे, श्रद्धालुओं ने भी निभाई पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी

📍 स्थान / Location: ठठी भाई 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Environmental Protection 📅 August 24, 2026 🌐 GPS: moga

मोगा: पर्यावरण में शुद्धता और संतुलन बनाए रखने के उद्देश्य से संत निरंकारी मिशन की ठठी भाई ब्रांच के श्रद्धालुओं एवं सेवादारों ने ‘वननेस वन’ अभियान के तहत निरंकारी सत्संग भवन में पौधारोपण किया। इस दौरान पहले लगाए गए पौधों की देखभाल भी की गई। कार्यक्रम में सतगुरु बाबा हरदेव सिंह जी का संदेश ‘प्रदूषण अंदर हो या बाहर, दोनों ही हानिकारक हैं’ दिया गया।

इस अवसर पर संत निरंकारी मिशन जोन संगरूर के जोनल इंचार्ज डॉ. वीसी लूथरा ने बताया कि सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमित जी के आशीर्वाद से ‘वननेस वन’ अभियान की शुरुआत अगस्त 2021 में हुई थी। अभियान का उद्देश्य केवल पौधे लगाना ही नहीं, बल्कि प्रकृति के साथ मानव के आध्यात्मिक संबंध को मजबूत करना भी है।

ठठी भाई ब्रांच के मुखी सुरिंदर सिंह ने बताया कि अभियान के तहत देश के विभिन्न राज्यों में अब तक करीब 350 मिनी जंगल विकसित किए जा चुके हैं। वहीं 600 से अधिक ‘वननेस वन’ स्थानों पर श्रद्धालु एवं सेवादार नियमित रूप से पौधों की देखभाल कर रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत देशभर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में 630 स्थानों पर एक साथ पौधारोपण किया गया, जिसमें मिशन के लाखों श्रद्धालुओं एवं सेवादारों ने भाग लेते हुए करीब 10 लाख पौधे लगाए। मिशन की ओर से लगाए गए पौधों की देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाई जाएगी। प्रत्येक पौधे की 3 से 5 वर्षों तक लगातार देखभाल की जाएगी, ताकि ये पौधे विकसित होकर घने छोटे जंगलों का रूप ले सकें और जैव विविधता तथा स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।

Scroll to Top