NHM कर्मचारियों की हड़ताल के 9वें दिन मोगा में फूंका मुख्यमंत्री का पुतला। मांगें नहीं मानी तो स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ खोला जाएगा मोर्चा
NHM कर्मचारियों की हड़ताल के 9वें दिन मोगा में फूंका मुख्यमंत्री का पुतला।
मांगें नहीं मानी तो स्वास्थ्य कर्मचारियों के साथ मिलकर सरकार के खिलाफ खोला जाएगा मोर्चा : कुलबीर सिंह ढिल्लों।
मोगा, 22 अगस्त: नेशनल हेल्थ मिशन (NHM) कर्मचारियों की हड़ताल शनिवार को 9वें दिन भी जारी रही। इस दौरान मोगा में NHM कर्मचारियों ने पंजाब सरकार के खिलाफ जोरदार रोष प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री भगवंत मान का पुतला फूंककर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से स्वास्थ्य कर्मचारियों की जायज मांगों को जल्द स्वीकार करने की मांग की।इस मौके पर मल्टी परपज हेल्थ वर्कर यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष कुलबीर सिंह ढिल्लों अपने साथियों सहित विशेष रूप से पहुंचे और NHM कर्मचारी एसोसिएशन मोगा के आंदोलन को समर्थन दिया। पंजाब सबॉर्डिनेट सर्विस फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष राजिंदर सिंह रियाड़ ने भी प्रदर्शन में पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया।
इस अवसर पर कुलबीर सिंह ढिल्लों ने पंजाब सरकार को कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य कर्मचारियों की साझा एवं जायज मांगों को जल्द स्वीकार किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस फैसला नहीं लिया तो विभिन्न कर्मचारी संगठनों को साथ लेकर सरकार के खिलाफ संयुक्त मोर्चा खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की लड़ाई को और तेज किया जाएगा।