लुधियाना में 25 हजार रुपये रिश्वत लेते नगर निगम का इंस्पेक्टर रंगे हाथ गिरफ्तार

📍 स्थान / Location: Ludhiana 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 October 28, 2026

लुधियाना: पंजाब में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। लुधियाना नगर निगम के जोन-बी में तैनात इंस्पेक्टर शुभम को 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई अजित नगर के एक निवासी की शिकायत के आधार पर की गई।

पंजाब विजिलेंस ब्यूरो के अनुसार, आरोपी इंस्पेक्टर पर पैतृक संपत्ति को शिकायतकर्ता और उसके भाइयों के नाम पर ट्रांसफर करने की प्रक्रिया के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।

पैतृक संपत्ति ट्रांसफर करने के बदले मांगी रिश्वत

विजिलेंस ब्यूरो के आधिकारिक प्रवक्ता के मुताबिक, शिकायतकर्ता के पिता की मृत्यु के बाद पैतृक संपत्ति को उसके और उसके भाइयों के नाम पर स्थानांतरित करवाने के लिए जरूरी दस्तावेज नगर निगम के जोन-बी कार्यालय में जमा करवाए गए थे।

इन दस्तावेजों पर आगे की कार्रवाई करने के लिए संबंधित इंस्पेक्टर शुभम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि संपत्ति का नाम ट्रांसफर करने की प्रक्रिया पूरी करने के बदले इंस्पेक्टर उससे 25,000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में हुई गिरफ्तारी

विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता के अनुसार, योजनाबद्ध कार्रवाई के दौरान दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में इंस्पेक्टर शुभम को शिकायतकर्ता से 25,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में तैनात अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

भ्रष्टाचार रोकथाम कानून के तहत मामला दर्ज

विजिलेंस ब्यूरो ने आरोपी इंस्पेक्टर के खिलाफ लुधियाना स्थित विजिलेंस थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल, मामले की आगे की जांच जारी है।

Scroll to Top