मोगा के वार्ड नंबर 24 से आम आदमी पार्टी को मिला बड़ा समर्थन, भाजपा छोड़ आप में शामिल हुईं पार्षद हेम लता।
मोगा: आम आदमी पार्टी को उस समय वार्ड नंबर 24 में बड़ा राजनीतिक समर्थन मिला, जब वार्ड की मौजूदा पार्षद हेम लता ने भाजपा को अलविदा कहकर आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया। उनके पार्टी में शामिल होने से वार्ड नंबर 24 में आम आदमी पार्टी को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने पार्षद हेम लता का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया और उन्हें शिरोपा पहनाकर सम्मानित किया।
विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि आम आदमी पार्टी की जनहितैषी नीतियों और विकास कार्यों से प्रभावित होकर विभिन्न वर्गों के लोग पार्टी के साथ जुड़ रहे हैं। हेम लता के पार्टी में शामिल होने से वार्ड नंबर 24 में पार्टी का जनाधार और मजबूत होगा। विधायक ने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार आम लोगों की समस्याओं के समाधान और पंजाब के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी में शामिल होने वाले प्रत्येक कार्यकर्ता और नेता को पूरा सम्मान दिया जाता है तथा मिल-जुलकर लोगों की सेवा करना ही पार्टी का मुख्य उद्देश्य है।
इस अवसर पर हेम लता ने आम आदमी पार्टी की नीतियों में विश्वास जताते हुए कहा कि वह पार्टी के साथ मिलकर वार्ड के लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगी और क्षेत्र के विकास के लिए पूरी मेहनत से कार्य करेंगी। पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हेम लता का स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से वार्ड नंबर 24 में आम आदमी पार्टी को निश्चित रूप से राजनीतिक मजबूती मिली है।
इस मौके पर माननीय मेयर विनय पाल कौर, सीनियर डिप्टी मेयर काला बजाज, डिप्टी मेयर गौरव गर्ग, संगठन इंचार्ज राकेश मिड्डा, पूर्व पार्षद शिंदा बराड़, बी.सी. विंग कोऑर्डिनेटर हिमत सिंह जाब्बल और पार्षद जगदीप सिंह जग्गा जी मौजूद थे।