नशे के खिलाफ मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 56 मामले दर्ज, 104 आरोपी गिरफ्तार
मोगा: जिला पुलिस मोगा की ओर से नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 8 अगस्त से 21 अगस्त 2026 तक बड़ी कार्रवाई की गई। इस दौरान एनडीपीएस एक्ट के तहत 56 मामले दर्ज कर 104 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, अफीम, नशीली गोलियां, नशीली शीशियां और ड्रग मनी बरामद की। एसएसपी मोगा सर्ताज सिंह चहल, आईपीएस ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अवधि के दौरान पुलिस ने 6.435 किलो हेरोइन, 1 किलो अफीम, 3,850 नशीली गोलियां, 125 नशीली शीशियां और 2,84,000 रुपये ड्रग मनी बरामद की। इसके अलावा शराब का अवैध कारोबार करने वालों के खिलाफ 2 मामले दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया और उसके कब्जे से 45.750 लीटर ठेके की शराब बरामद हुई।
ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष सर्च अभियान
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस द्वारा 8 सीएएसओ (CASO) ऑपरेशन किए गए। ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में सर्च के दौरान नशे से संबंधित 5 मामले दर्ज कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 674 ग्राम हेरोइन, 1,980 नशीली गोलियां और 3 वाहन बरामद किए गए। इसके अलावा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4 किलो 500 ग्राम हेरोइन तथा दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1 किलो अफीम बरामद की।
लूट और चोरी करने वालों पर भी शिकंजा
इस अवधि के दौरान लूट-खसोट और चोरी की वारदातों में शामिल 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 1 मोबाइल फोन, 4 मोटरसाइकिल, 1 घड़ी, 1 हेडफोन, 1 खिलौना पिस्तौल और 18 जिंदा पटाखा कारतूस बरामद किए गए इसके अलावा पुलिस ने खुद को फर्जी सहायक थानेदार बताकर ड्यूटी करने वाली एक महिला को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से सहायक थानेदार की वर्दी, लाल जूते, लाल बेल्ट, कैप, 2 वॉकी-टॉकी सेट और आईडी कार्ड की फोटो कॉपी बरामद की गई।
5 भगोड़े भी गिरफ्तार
पुलिस द्वारा इस अवधि के दौरान 5 भगोड़ों को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
106 बैठकों और सेमिनारों के जरिए लोगों को किया जागरूक
एसएसपी सर्ताज सिंह चहल ने बताया कि नशे के खिलाफ लड़ाई में आम लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और प्रमुख लोगों के साथ लगातार बैठकें की जा रही हैं। इस अवधि में जिले के गांवों और शहरों में विभिन्न राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों द्वारा 106 सेमिनार और जागरूकता बैठकें आयोजित कर युवाओं और आम लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। पुलिस ने लोगों से अपील की कि वे नशे का कारोबार करने वाले तस्करों और असामाजिक तत्वों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें तथा नशा विरोधी अभियान में अपना सहयोग करें।