नशे के खिलाफ मोगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार मामलों में 7 आरोपी गिरफ्तार, 122 ग्राम हेरोइन बरामद
मोगा। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए चार मामलों में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 122 ग्राम हेरोइन और 62 नशीली गोलियां बरामद की हैं। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ली है। सभी मामलों में पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने गांव पत्तो हीरा सिंह वाला क्षेत्र में गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर सुखप्रीत सिंह पुत्र बूटा सिंह और गुरमीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह, दोनों निवासी पत्तो हीरा सिंह वाला, को गिरफ्तार किया। थाना प्रभारी एसआई हरविंदर सिंह के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपियों से 50 ग्राम हेरोइन बरामद की गई।
इसी क्रम में थाना बधनी कलां पुलिस ने एएसआई कंवलदीप सिंह की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए हरविंदर सिंह उर्फ हैप्पी पुत्र जसवीर सिंह, निवासी मनोहर बस्ती, निहाल सिंह वाला तथा अमनदीप कौर पत्नी जस्सा सिंह, निवासी बौडे, को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 10 ग्राम हेरोइन और एक यामाहा मोटरसाइकिल नंबर PB10EZ-4054 बरामद की।
थाना सिटी मोगा पुलिस ने गांव दुनेके स्थित नशा मुक्ति केंद्र के पास कार्रवाई करते हुए अमनदीप सिंह उर्फ काली पुत्र गुरदेव सिंह, निवासी वार्ड नंबर 17, साधांवाली बस्ती, को गिरफ्तार किया। एचसी सुरिंदरपाल सिंह की अगुवाई में हुई कार्रवाई में आरोपी से 10 ग्राम हेरोइन और 62 नशीली गोलियां बरामद हुईं।
वहीं, थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने मेंहमेवाला रोड पर कार्रवाई करते हुए जशनप्रीत सिंह पुत्र चमकौर सिंह और मनी पुत्र बूटा सिंह, दोनों निवासी साधांवाली बस्ती, को गिरफ्तार किया। सहायक थानेदार वीरेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने दोनों आरोपियों से 52 ग्राम हेरोइन बरामद की। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।