मोगा पुलिस की नशे के खिलाफ कार्रवाई, 235 नशीली गोलियों समेत दो गिरफ्तार

📍 स्थान / Location: धर्मकोट 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 drug addiction 📅 September 12, 2026 🌐 GPS: moga

मोगा: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोगा पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 235 नशीली गोलियां बरामद की हैं। दोनों मामलों में संबंधित थानों की पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहली कार्रवाई थाना धर्मकोट पुलिस ने की। एसआई इंद्रजीत सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी किशनपुरा कलां क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक नशीली गोलियां लेकर घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गुरप्रीत सिंह उर्फ विक्की पुत्र खजान सिंह निवासी नूरपुर हकीमां को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 150 नशीली गोलियां बरामद हुईं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया है।

दूसरी कार्रवाई थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने की। एएसआई दर्शन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी दाना मंडी भैणी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने राजनवीर सिंह उर्फ राजी पुत्र लखविंदर सिंह निवासी बाजवा कलां, शाहकोट, जिला जालंधर को काबू किया। पुलिस तलाशी में आरोपी के कब्जे से 85 नशीली गोलियां बरामद हुईं। इस संबंध में भी एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है। दोनों मामलों में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद नशीली गोलियां उन्हें कहां से मिलीं और इनके पीछे कोई अन्य व्यक्ति या सप्लाई नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Scroll to Top