मोगाः सिटी साउथ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 400 ग्राम हेरोइन के साथ आरोपी गिरफ्तार
मोगा। नशा तस्करी के खिलाफ चल रही मुहिम के तहत थाना सिटी साउथ मोगा पुलिस ने एक व्यक्ति को 400 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई के संबंध में एसआई सिरताज सिंह ने जानकारी दी कि पुलिस पार्टी क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति नशे की सप्लाई से जुड़ा हुआ है और उसके पास हेरोइन मौजूद है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने मलियांवाला के पास कब्रिस्तान की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर निगरानी शुरू कर दी।
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 400 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। बरामद नशीले पदार्थ को पुलिस ने कब्जे में लेकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलजिंदर सिंह उर्फ कालू पुत्र सूबा सिंह, निवासी नौशहरा धाला, जिला तरनतारन, के रूप में हुई है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि बरामद हेरोइन की खेप वह कहां से लेकर आया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस उसके संपर्कों और नशा तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने बरामद हेरोइन को पारदर्शी मोमी लिफाफे में कब्जे में लिया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशे के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।