Moga Crime: पुराने झगड़े की रंजिश में युवक से मारपीट, पिस्टल के बट से किया हमला, छह पर मामला दर्ज

📍 स्थान / Location: फतेहगढ़ पंजतूर मोगा 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 5, 2026

मोगा: थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने पुराने झगड़े की रंजिश को लेकर एक युवक के साथ कथित तौर पर मारपीट करने, पिस्टल के बट से हमला कर घायल करने तथा जान से मारने की धमकियां देने के आरोप में छह व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में से दो को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस द्वारा वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी कब्जे में ली गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार यह मामला 4 सितंबर 2026 को दर्ज किया गया। शिकायतकर्ता दाऊद पुत्र चन्ना, निवासी तोता सिंह वाला ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 2 सितंबर को शाम करीब 6 बजे वह पुल नहर लालहादी के पास था। इसी दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसके साथ कथित तौर पर मारपीट करते हुए पिस्टल के बट से हमला किया, जिससे वह घायल हो गया। इसके अलावा आरोपियों ने किसी धारदार वस्तु से भी चोटें पहुंचाने का आरोप है। शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों ने उसे डराने के उद्देश्य से पिस्टल उसकी ओर तान दी और धमकियां दीं। हालांकि किसी कारणवश पिस्टल से गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपी उसे धमकियां देते हुए मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।

शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश और पहले से चला आ रहा झगड़ा बताया जा रहा है। पुलिस ने बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने मामले में जगरूप सिंह पुत्र अमर सिंह, निवासी बस्ती शामांवाली, जोगेवाला,अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र महल सिंह, निवासी बस्ती शामांवाली, जोगेवाला, जसनदीप सिंह उर्फ फौजी पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी फतेहगढ़ पंजतूर,अर्शदीप सिंह उर्फ अर्श पुत्र नामलूम, निवासी मंझवाला, थाना मक्खू; गुरविंदर सिंह उर्फ पांडा पुत्र सुरजीत सिंह, निवासी फतेहगढ़ पंजतूर तथा जसप्रीत सिंह उर्फ निक्का पुत्र राजविंदर सिंह, निवासी मंदर कलां, थाना फतेहगढ़ पंजतूर को नामजद किया है।

थाना फतेहगढ़ पंजतूर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ-साथ आर्म्स एक्ट के तहत भी मामला दर्ज किया है। पुलिस रिकॉर्ड में पुराने मामले की धाराओं के तहत आईपीसी की धाराएं भी दर्ज हैं। मामले की जांच सहायक थानेदार गुरचरण सिंह द्वारा किए जाने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जगरूप सिंह और गुरविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। और बाकी साथियों की तलाश की जा रही है इसके साथ ही वारदात में इस्तेमाल की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल नंबर को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। पुलिस अब मामले में बाकी नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी तथा घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Scroll to Top