MLA जसविंदर सिंह रमदास ने अटारी हलके के तीन गांवों में नए खेल मैदानों का किया उद्घाटन
अमृतसर: विधानसभा हलका अटारी के विधायक स. जसविंदर सिंह रमदास ने आज हलके के गांव घरिंडा, कौके और खासा में लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए नए खेल मैदानों/स्टेडियमों का उद्घाटन कर इन्हें क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। गांव घरिंडा में 27 लाख रुपये, गांव कौके में 25 लाख रुपये तथा गांव खासा में 17 लाख रुपये की लागत से इन खेल सुविधाओं का निर्माण किया गया है।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक स. जसविंदर सिंह रमदास ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा प्रदेश में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि गांवों में खेल मैदान और स्टेडियम विकसित करने का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके अपने गांवों में ही खेलों के लिए बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। इसी दिशा में प्रदेश के 3000 से अधिक गांवों में खेल मैदान और स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा आयोजित की जा रही ‘खेडां वतन पंजाब दियां’ प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करवा रही हैं। इन खेलों के माध्यम से गांव स्तर से लेकर राज्य स्तर तक खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने तथा प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।
विधायक ने युवाओं का आह्वान किया कि वे नए बनाए गए खेल मैदानों का अधिक से अधिक लाभ उठाते हुए खेलों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, मेहनत, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने के साथ-साथ उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने युवाओं से मेहनत और लगन के साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़कर अपने माता-पिता, गांव, पंजाब और देश का नाम रोशन करने की अपील की।
इस अवसर पर बीडीपीओ अटारी स. अमनदीप शर्मा, एसडीओ पंचायती राज स. बिक्रमजीत सिंह, समिति चेयरमैन श्रीमती सुखविंदर कौर पत्नी स. कंवलजीत सिंह मोनू, वाइस चेयरमैन स. बलविंदर सिंह, सरपंच स. सतनाम सिंह, सरपंच स. गुरजीत सिंह, सरपंच स. हरपाल सिंह राणा कौके, ब्लॉक प्रधान स. सतविंदर सिंह, स. नरेंद्र शर्मा, सरपंच स. महावीर सिंह, स. गुरमेज सिंह, स. रुपिंदरजीत सिंह राणा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति, अधिकारी एवं क्षेत्रवासी उपस्थित थे।