जालंधर में पंजाब बंद का मिला-जुला असर, दिलकुशा मार्केट में कुछ खुलीं दुकानें
बंद के चलते जालंधर के बाजारों में पसरा सन्नाटा, कई जगह दुकानें रहीं बंद
जालंधर: बंदी सिंहों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा की ओर से दिए गए पंजाब बंद के आह्वान का जालंधर में मिला-जुला असर देखने को मिला। शहर के कई हिस्सों में बाजार बंद रहे और सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही कम दिखाई दी। हालांकि दिलकुशा मार्केट में कुछ दुकानें खुली रहीं।
दिलकुशा मार्केट में कुछ दुकानें खुली
दिलकुशा मार्केट में बंद का पूरी तरह असर नहीं दिखा। यहां दवाई और फोटोस्टेट की कुछ दुकानें खुली नजर आईं। इसके अलावा पटेल चौक स्थित फ्लावर मार्केट में भी कारोबार जारी रहा।
वहीं, शहर के कई अन्य प्रमुख बाजारों में दुकानदारों ने बंद के समर्थन में अपने प्रतिष्ठान बंद रखे।
गुरु नानक मिशन चौक और रामामंडी में धरना
बंद के दौरान विभिन्न जत्थेबंदियों ने गुरु नानक मिशन चौक और रामामंडी में धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वाहनों पर सवार होकर शहर के प्रमुख मार्गों पर घूमते हुए दुकानदारों से बंद का समर्थन करने और दुकानें बंद रखने की अपील करते दिखाई दिए।
प्रदर्शनकारियों ने लोगों से दोपहर 2 बजे के बाद आंदोलन में समर्थन देने की अपील भी की।
स्कूल-कॉलेज भी रहे बंद
बंद के मद्देनजर जालंधर में अधिकांश स्कूल और कॉलेज पहले ही बंद कर दिए गए थे। कई प्रमुख बाजारों में शटर गिरे रहे, जबकि सड़कों पर भी रोजाना के मुकाबले कम आवाजाही देखने को मिली।
हालांकि कुछ क्षेत्रों में आवश्यक सेवाओं और अन्य कारोबार से जुड़ी दुकानें खुली रहीं।