मेयर की गाड़ी को बस ने मारी टक्कर, PRTC चालक पर केस
मोगा: मोगा नगर निगम की मेयर विनय पाल कौर की गाड़ी को पीआरटीसी बस द्वारा टक्कर मारकर क्षतिग्रस्त करने के मामले में थाना सिटी मोगा पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना सिटी मोगा की हवलदार सरबजीत कौर ने बताया कि नगर निगम में ड्राइवर के तौर पर तैनात गुरराज सिंह पुत्र चनन सिंह निवासी गांव रत्तियां ने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।
शिकायत के अनुसार वह मेयर विनय पाल कौर के साथ नगर निगम कार्यालय से पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस मोगा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही पीआरटीसी बस को चालक जतिंदर सिंह पुत्र मंगतू सिंह निवासी गांव ख्याली, जिला बठिंडा कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चला रहा था। बस ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी, जिससे नगर निगम मेयर की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई।
जांच अधिकारी हवलदार सरबजीत कौर ने बताया कि गुरराज सिंह की शिकायत के आधार पर थाना सिटी मोगा में पीआरटीसी बस चालक जतिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस द्वारा आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।