निर्धारित नियत तिथि तक अनिवार्य रूप से करें लंबित विद्युत बिलों का भुगतान

📍 स्थान / Location: Mandi 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Electricity Bills 📅 September 4, 2026 🌐 GPS: Mandi

मंडी: हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड ने विद्युत उप-मंडल संख्या-1 मंडी के अंतर्गत आने वाले समस्त विद्युत उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का भुगतान निर्धारित नियत तिथि तक अनिवार्य रूप से कर दें।

बोर्ड के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इस संबंध में उप-मंडल द्वारा लगभग 597 बकायेदार उपभोक्ताओं को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। उन्होंने सूचित किया कि जिन उपभोक्ताओं द्वारा इस माह देय विद्युत बिलों का भुगतान नियत तिथि तक नहीं किया जाएगा, उनके विद्युत कनेक्शन (मीटर) नियमानुसार बिना किसी अतिरिक्त सूचना अथवा पत्राचार के विच्छेदित कर दिए जाएंगे। विद्युत आपूर्ति पुनः बहाल करवाने के लिए संबंधित उपभोक्ता को 250 रुपये प्रति कनेक्शन पुनः संयोजन शुल्क के अतिरिक्त अन्य देय राशि का भुगतान भी करना होगा।

इसके अतिरिक्त, सभी स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को सूचित किया है कि स्मार्ट मीटरों से संबंधित विद्युत बिल अब केवल बोर्ड के अभिलेखों में दर्ज पंजीकृत मोबाइल नंबर तथा ई-मेल आईडी पर ही प्रेषित किए जाएंगे। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को विद्युत बिलों की मुद्रित प्रति उपलब्ध नहीं करवाई जाएगी। उपभोक्ता अपने विद्युत बिल हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hpseb.in अथवा HPSEBL Mobile App के माध्यम से भी डाउनलोड कर सकते हैं और ऑनलाइन भुगतान की सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं ने अभी तक अपना मोबाइल नंबर अथवा ई-मेल आईडी अपडेट नहीं करवाई है अथवा जिनके पंजीकृत विवरण में परिवर्तन हुआ है, वे शीघ्रातिशीघ्र विद्युत उप-मंडल कार्यालय में संपर्क कर अपना पंजीकृत मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अद्यतन करवा लें, ताकि उन्हें विद्युत बिल एवं अन्य महत्वपूर्ण सूचनाएं समय पर प्राप्त होती रहें।

विद्युत उप-मंडल – 1 के सहायक अधिशासी अभियंता नरेश ठाकुर ने सभी उपभोक्ताओं से अनुरोध किया है कि वे यह सुनिश्चित करें कि उनके विद्युत मीटर ऐसे स्थान पर स्थापित हों अथवा उपलब्ध रहें, जहां मीटर रीडर एवं हिमाचल प्रदेश स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड लिमिटेड के कर्मचारी मीटर रीडिंग लेने, निरीक्षण करने तथा आवश्यक रखरखाव एवं अन्य तकनीकी कार्यों के लिए बिना किसी बाधा के आसानी से पहुंच सकें, भले ही उस समय भवन अथवा परिसर बंद हो।

उन्होंने उपभोक्ताओं से यह भी अनुरोध किया कि वे अपने लंबित विद्युत बिलों का भुगतान नियत तिथि के भीतर सुनिश्चित करें तथा अपना मोबाइल नंबर एवं ई-मेल आईडी अद्यतन रखकर स्मार्ट मीटर संबंधी सभी सूचनाएं समय पर प्राप्त करें।

Scroll to Top