विकास की ओर बढ़ते कदम: ओल्ड मनाली में पेवर सड़क कार्य का शुभारंभ, मनाली के विधायक ने ओल्ड मनाली में कार्य का किया भूमि पूजन

📍 स्थान / Location: Manali 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Bhuvneshwar Gaur 📅 September 8, 2026 🌐 GPS: Manali

मनाली/कुल्लूः हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी मनाली में अब विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। विधायक के द्वारा अब कई इलाकों में सड़को की स्थिति सुधारने का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज ओल्ड मनाली में सड़क पर पेवर ब्लॉक लगाने के कार्य का विधिवत भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। ओल्ड मनाली, पर्यटन की दृष्टि से भी जिला कुल्लू का एक प्रमुख सांस्कृतिक और पर्यटन केंद्र है। यहां बेहतर आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए सरकार द्वारा ही कार्य करवाए जा रहे है।

ऐसे में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि इस क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। लंबे समय से स्थानीय निवासियों एवं देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों द्वारा इस मार्ग के सुदृढ़ीकरण की मांग की जा रही थी। ऐसे में पेवर टाइल्स लगने से न केवल इस मार्ग की सुंदरता बढ़ेगी, बल्कि बरसात और बर्फबारी के मौसम में कीचड़ व फिसलन की समस्या से भी पूर्ण राहत मिलेगी।

उन्होंने बताया कि मनाली विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास, बेहतर आधारभूत संरचना और आम जनमानस की सुविधाओं का विस्तार ही हमारा मुख्य संकल्प है। इस कार्य को उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूरा करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।

इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पार्टी के सम्मानित साथी, अधिकारीगण एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने बताया कि अब क्षेत्र के विकास के लिए और भी स्थानों पर कार्य जल्द ही शुरू किए जाएंगे।

Scroll to Top