जालंधर में पराठे खाकर नकली नोट चलाता पकड़ा गया व्यक्ति, तलाशी लेने पर 4500 रुपए मिले नकली

🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Fake Currency Case 📅 August 27, 2026 🌐 GPS: Jalandhar

जालंधर: शहर के वाल्मीकि चौक में पराठे की रेहड़ी पर नकली नोट चलाने के आरोप में एक व्यक्ति को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना थाना डिविजन नंबर-4 के क्षेत्र की है। बुधवार देर रात करीब 12 बजे नकली नोट को लेकर हंगामा हुआ। पराठे की रेहड़ी लगाने वाले दंपति को शक होने पर उन्होंने लोगों की मदद से आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।

नाइट ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी राजकुमार टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी की तलाशी ली तो उसकी जेब से कई मुड़े हुए नोट बरामद हुए। जांच के दौरान इनमें से 500-500 रुपये के 9 नोट, यानी कुल 4,500 रुपये, नकली पाए गए। इसके अलावा आरोपी के पास से 10 और 20 रुपये के भी कुछ नकली नोट बरामद होने की बात सामने आई है।

दंपति को पहले से था शक

पराठे की रेहड़ी लगाने वाले दंपति ने बताया कि वे रोज रातभर काम करते हैं। देर रात कई बार नोटों की सही पहचान करना मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि इसी का फायदा उठाकर आरोपी पराठे खाता और नकली नोट देकर चला जाता था। दंपति के मुताबिक, करीब तीन दिन पहले भी आरोपी यहां आया था और 200 रुपये का नोट देकर चला गया। बाद में जब उन्होंने दूसरे ग्राहक को बकाया रकम दी तो ग्राहक ने बताया कि नोट नकली है। इसके बाद से उन्हें आरोपी पर शक होने लगा था।

एक घंटे तक चलता रहा हंगामा

घटना के बाद मौके पर करीब एक घंटे तक हंगामा होता रहा। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने काफी देर तक अपना नाम नहीं बताया। पुलिस को आरोपी की जेब से एक आईडी कार्ड भी मिला, लेकिन उसका प्रिंट धुंधला होने के कारण उस पर लिखी जानकारी स्पष्ट नहीं हो सकी।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिसकर्मी राजकुमार के अनुसार, आरोपी के पास नकली नोट कहां से आए और इनके पीछे कौन लोग हैं, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस ने नकली नोट बरामद होने को गंभीर मामला बताया है और मामले की आगे जांच जारी है।

Scroll to Top