बाघापुराना में नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 49 ग्राम हेरोइन सहित 5 आरोपी गिरफ्तार
मोगा: नशों के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम ‘युद्ध नशों विरुद्ध’ और ‘पिंडां दे पहरेदार’ के तहत सब-डिवीजन बाघापुराना पुलिस ने 9 से 15 सितंबर तक विभिन्न स्तरों पर कार्रवाई करते हुए नशे से जुड़े 4 मामले दर्ज किए हैं। पुलिस ने इन मामलों में 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 49 ग्राम हेरोइन बरामद की है। इसके अलावा नशा करने वाले 3 व्यक्तियों को जेनेर स्थित नशा छुड़ाओ केंद्र में दाखिल करवाया गया।
एसएसपी मोगा सरताज सिंह चहल ने बताया कि 12 और 13 सितंबर को चलाए गए CASO ऑपरेशन के दौरान सब-डिवीजन बाघापुराना के ड्रग हॉटस्पॉट क्षेत्रों में विशेष तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए नशे की सप्लाई से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 20 व्यक्तियों के खिलाफ BNSS की संबंधित धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई। वहीं ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 159 चालान किए गए।
एसएसपी ने कहा कि नशों के खिलाफ अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पुलिस द्वारा गांवों और शहरों में लगातार आम लोगों के साथ बैठकें की जा रही हैं। VDC/WDC, पंचायतों, स्पोर्ट्स क्लबों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ संपर्क स्थापित कर युवाओं को नशों के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि नशे का कारोबार करने वाले तस्करों अथवा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबारियों और समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी और नशे की रोकथाम के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।