नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने खत्म करवाया टैक्सी ऑपरेटर यूनियन का आमरण अनशन
शिमला: राजधानी शिमला के चौड़ा मैदान में अपनी मांगों को लेकर आमरण अनशन पर बैठे टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों का अनशन नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के हस्तक्षेप के बाद समाप्त हो गया। जयराम ठाकुर ने अनशन स्थल पर पहुंचकर टैक्सी ऑपरेटरों की समस्याएं सुनीं और उन्हें अपना समर्थन दिया। इसके बाद उन्होंने अनशन पर बैठे पदाधिकारियों को जूस पिलाकर आमरण अनशन समाप्त करवाया।
इस दौरान टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं को नेता प्रतिपक्ष के समक्ष रखा। ऑपरेटरों का कहना था कि लंबे समय से उनकी मांगों को सरकार के समक्ष उठाया जा रहा है, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।
जयराम ठाकुर ने कहा कि टैक्सी ऑपरेटर प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। प्रदेश में आने वाले पर्यटकों को परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाने में टैक्सी ऑपरेटरों की अहम भूमिका रहती है। ऐसे में सरकार को उनकी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए बातचीत के माध्यम से समाधान निकालना चाहिए। आमरण अनशन पर बैठे लोगों की मांगों को सरकार तक पहुंचाया जाएगा और विपक्ष टैक्सी ऑपरेटरों के मुद्दों को मजबूती से उठाएगा। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी मांगों को शांतिपूर्ण तरीके से उठाना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को आंदोलित लोगों की बात सुननी चाहिए।
अनशन समाप्त होने के बाद टैक्सी ऑपरेटर यूनियन के पदाधिकारियों ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का आभार जताया। इस दौरान चौड़ा मैदान में यूनियन के सदस्य और अन्य लोग भी मौजूद रहे। अनशन समाप्त होने के साथ ही टैक्सी ऑपरेटरों के आंदोलन को लेकर चल रहा गतिरोध फिलहाल खत्म हो गया है।