कुल्लू में राखी के दौरान नहीं बिक पाएगी मिलावटी मिठाई, मोबाइल लैब के माध्यम से मौके पर होगी जांच

📍 स्थान / Location: कुल्लू 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Food Safety Department 📅 August 25, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लूः हिमाचल प्रदेश में रक्षाबंधन का त्योहार 28 अगस्त को मनाया जाएगा। तो वहीं इसके लिए बाजार भी सजने शुरू हो गए हैं। वहीं बाजारों में मिठाइयों की दुकानों पर भी विभिन्न तरह के पकवान नजर आ रहे हैं। लेकिन त्योहारी सीजन में मिलावटी मिठाइयों की भी आशंका काफी बढ़ जाती है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा भी इस पर नजर रखी जा रही है और जगह-जगह पर दूध से बने उत्पाद, मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थों के भी सैंपल लिए जा रहे हैं।

ऐसे में राहत की बात यह है कि अबकी बार खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब का भी प्रयोग किया जा रहा है। इसके माध्यम से मौके पर ही विभिन्न प्रकार के उत्पादों के सैंपल लिए जा रहे हैं और मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब में ही इनकी जांच की जा रही है। जिसके चलते अधिकतर खाद्य पदार्थों के परिणाम भी तुरंत मिल रहे हैं। ऐसे में अगर कोई भी मिलावटी वस्तु पाई जा रही है तो उसे नष्ट किया जा रहा है और खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा इस मामले में आगामी कार्रवाई भी की जा रही है।

इससे पहले खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा जो भी सैंपल लिए जाते थे। उन्हें प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाता था। ऐसे में कई बार उस सैंपल की रिपोर्ट आने में 20 दिन से लेकर 1 महीने का भी समय लग जाता था और इस बीच पर बाजार में आई मिलावटी मिठाइयां भी पूरी तरह से बिक जाती थी। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में भी त्यौहार ही सीजन पर मिठाईयां पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और दिल्ली से काफी मात्रा में लाई जाती है और उसे बाजारों में बेचा जाता है। त्योहारी सीजन में दूध से बनी मिठाइयों की गुणवत्ता अधिक संदेह में रहती है और पनीर से बने उत्पादों में भी मिलावट की आशंका पाई जाती है।

इसके अलावा मिठाइयों को आकर्षक बनाने के लिए उसमें रंगों का भी अधिक मात्रा में प्रयोग किया जाता है और कई बार रसगुल्ला को भी अधिक सफेद दिखाने के लिए उसमें केमिकल की अधिक मात्रा डाली जाती है। जो लोगों की सेहत के साथ खिलवाड़ है। ऐसे में खाद्य सुरक्षा विभाग के द्वारा जो सैंपल लिए जाते थे। उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला में भेजा जाता था और उसकी रिपोर्ट आने में भी देरी होती थी। लेकिन तब तक बाजार में मिलावटी मिठाइयों की बड़ी मात्रा में बिक्री भी हो जाती थी। ऐसे में मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से दूध पनीर और मिलावटी मिठाइयों की जांच में भी खाद्य सुरक्षा विभाग को काफी आसानी हो रही है।

खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त अनिल शर्मा ने बताया कि विभाग की दो टीम तैनात की गई है और वह जगह-जगह पर विभिन्न खाद्य पदार्थों के सैंपल भी ले रही है। बीते दिन भी विभाग की टीम के द्वारा दूध, पनीर सहित चार खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए गए हैं और उनकी भी टीम के द्वारा जांच की गई है। ऐसे में अगर किसी खाद्य वस्तु में मिलावट पाई गई तो उन पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब के माध्यम से भी जगह-जगह पर दूध, पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए जा रहे हैं।

Scroll to Top