नशे के खिलाफ अभियान में समाज के हर वर्ग की भागीदारी जरूरी: कुल्लू एसपी
कुल्लू: ग्राम पंचायत बाशिंग के सभागार में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक कुल्लू अभिषेक सेकर, आईपीएस, मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान स्थानीय लोगों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नशे की समस्या से निपटना केवल पुलिस या प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है। समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर इस चुनौती का सामना करना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि नशे के खिलाफ चलाए जा रहे प्रयासों में पुलिस और प्रशासन को सहयोग दें तथा अपने आसपास होने वाली संदिग्ध गतिविधियों के प्रति सतर्क रहें।
बच्चों पर रखें विशेष नजर
एसपी ने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों की दिनचर्या, संगति और व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि परिवार और स्कूल स्तर पर समय रहते बच्चों का मार्गदर्शन किया जाए तो उन्हें नशे जैसी गंभीर सामाजिक बुराई से बचाने में मदद मिल सकती है।
ग्राम पंचायत बाशिंग के प्रधान अजय कुमार ने एसपी का पंचायत में स्वागत किया और नशा विरोधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के लिए आयोजकों का आभार जताया।
नुक्कड़ नाटक से दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम में टीम सहभागिता के अध्यक्ष बीजू हिमडल ने लोगों से नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि टीम सहभागिता पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास करती रहेगी।
जागरूकता अभियान के दौरान टीम सहभागिता के सदस्यों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों और इससे बचने के उपायों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। नाटक के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने और सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का संदेश दिया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा। स्थानीय स्कूल के प्रधानाचार्य राजेश ठाकुर ने कार्यक्रम में पहुंचे अतिथियों, आयोजकों और ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर पंचायत की उपप्रधान निर्मला, वार्ड सदस्य, स्कूल शिक्षक, टीम सहभागिता के उपाध्यक्ष राज सिंघानिया सहित संगठन के अन्य सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।