Kullu: ऑटो चालकों की मनमानी पर लगेगी लगाम, यूनियनों ने तय किराए पर जताई सहमति

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Arbitrariness 📅 September 10, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू: एआरटीओ आकांशा शर्मा की अध्यक्षता में आटो रिक्शा किराए को लेकर विभिन्न यूनियन प्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कुल्लू, मनाली एवं भुंतर आटो रिक्शा यूनियनों के अध्यक्षों/उपाध्यक्षों ने भाग लिया।

बैठक में सभी यूनियनों ने अपनी-अपनी रेट लिस्ट क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) में जमा करवाई। बैठक में लिए गए निर्णयों के अनुसार, सभी आटो ऑपरेटरों को यूनियन के माध्यम से सूचित किया गया कि किसी भी सवारी को दूसरे स्थान तक ले जाने पर निर्धारित किराया ही लिया जाएगा, जिस पर सभी यूनियनों ने सहमति जताई।

साथ ही यह भी तय किया गया कि किसी भी सवारी को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाने से आटो चालक इनकार नहीं करेंगे। बैठक में यूनियन से जुड़े सभी आटो चालकों के लिए समान किराया व्यवस्था लागू करने पर सहमति बनी, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। इसके अतिरिक्त, सभी आटो चालकों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि वे वैध परमिट, इंश्योरेंस, फिटनेस एवं लाइसेंस के साथ ही वाहन का संचालन करें। ऐसा न पाए जाने पर मोटर व्हीकल एक्ट (एम.वी.ए.) 1988 के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में उपस्थित सभी यूनियन प्रधानों ने इन सभी विषयों पर अपनी सहमति जताई और सर्वसम्मति से इन्हें लागू करने का निर्णय लिया। बैठक में मोती राम सोनी (प्रधान, मनाली), संजय कपूर (महासचिव, कुल्लू आटो यूनियन), देवी सिंह (उपाध्यक्ष, भुंतर यूनियन), किशन चंद ( कुल्लू), खेखराम (महासचिव, मनाली) एवं भूषण सिंह उपस्थित रहे।

Scroll to Top