Kullu : कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित होगा राष्ट्रीय पुस्तक प्रदर्शनी

📍 स्थान / Location: Kullu 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 August 23, 2026 🌐 GPS: Kullu

कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में आयोजित होगा राष्ट्रीय पुस्तक प्रदर्शनी

कुल्लू के लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र में 5 से 11 सितंबर तक आयोजित होगी राष्ट्रीय पुस्तक प्रदर्शनी, संस्थागत खरीद पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट विद्यार्थियों, युवाओं और आम पाठकों में पठन-पाठन की आदत को बढ़ावा देने तथा समाज में एक सशक्त पठन संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन स्वायत्तशासी संस्थान राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत (NBT) द्वारा जिला सांस्कृतिक परिषद कुल्लू एवं भाषा संस्कृति विभाग के विशेष सहयोग से हिमाचल प्रदेश के कुल्लू स्थित ऐतिहासिक लाल चंद प्रार्थी कला केंद्र, ढालपुर में एक विशाल पुस्तक प्रदर्शनी का आयोजन किया जा रहा है।
यह सात दिवसीय पुस्तक प्रदर्शनी दिनांक 05 सितंबर 2026 से 11 सितंबर 2026 तक प्रतिदिन प्रातः 10:00 बजे से सायं 7:00 बजे तक आम जनता और पुस्तक प्रेमियों के लिए निःशुल्क खुली रहेगी। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास के प्रबंधक (विक्रय एवं विपणन) मोहम्मद इमरानुल हक़ ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत 70 वर्षों से देश के प्रत्येक कोने में पुस्तकों और पठन संस्कृति को प्रोत्साहित करने में जुटा एनबीटी इस प्रदर्शनी के माध्यम से विविध प्रकार की उत्कृष्ट पुस्तकें लेकर आ रहा है। इस आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग के पाठकों, विद्यार्थियों, शिक्षकों और शोधार्थियों के लिए 60 से अधिक भारतीय भाषाओं एवं बोलियों में गुणवत्तापूर्ण, ज्ञानवर्धक और आयु-उपयुक्त पुस्तकें सहज रूप से उपलब्ध कराई जाएंगी, जिनमें बाल साहित्य, युवा साहित्य, प्रतियोगी परीक्षाओं हेतु उपयोगी सामग्री, साहित्यिक कृतियाँ तथा विज्ञान एवं कला से जुड़ी ढेरों पुस्तकें शामिल हैं।
एनबीटी द्वारा यह भी घोषणा की गई है कि इस प्रदर्शनी के दौरान सभी सरकारी संस्थानों, स्कूलों, कॉलेजों और पुस्तकालयों को संस्थागत खरीद पर 25 प्रतिशत की विशेष छूट प्रदान की जाएगी। यह प्रदर्शनी युवा पाठकों के लिए गुणवत्तापूर्ण पुस्तकों को करीब से जानने-समझने, विविध प्रकार के प्रकाशनों से परिचित होने तथा कक्षा-कक्ष की नियमित पढ़ाई से आगे बढ़कर बहुआयामी अध्ययन में रुचि विकसित करने का एक उत्कृष्ट मंच सिद्ध होगी। राष्ट्रीय पुस्तक न्यास, भारत ने कुल्लू एवं आसपास के क्षेत्रों के सभी शैक्षणिक संस्थानों, महाविद्यालयों, विद्यालयों के प्राचार्यों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और आम पुस्तक अनुरागियों से इस ज्ञानोत्सव में बढ़-चढ़कर भाग लेने और पुस्तक प्रदर्शनी का अवलोकन करने का तथा इसका भरपूर लाभ उठाने का हार्दिक आह्वान किया है।

Scroll to Top