जालंधरः शॉर्ट सर्किट से सुलगी तारें, दमकल विभाग ने समय रहते पाया काबू

📍 स्थान / Location: जालंधर लाल बाजार 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 fire department 📅 September 15, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधरः शहर के सबसे व्यस्त लाल बाजार में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तारों के जंजाल में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग लगने की घटना उसी स्थान के पास हुई, जहां एक दिन पहले ही कारोबारियों ने धूमधाम से गणपति जी की स्थापना की थी।

अचानक तारों में आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। घटना के तुरंत बाद लोगों ने दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम एक गाड़ी लेकर मौके पर पहुंची और कर्मचारियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। गनीमत रही कि आग ज्यादा फैलने से पहले ही बुझा दी गई, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

दुकानदारों ने बताया कि लाल बाजार में लंबे समय से बिजली की तारों का जंजाल बना हुआ है। इस संबंध में कई बार संबंधित विभाग को शिकायतें भी दी जा चुकी हैं, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। दुकानदारों का कहना है कि तारों की खराब स्थिति के कारण आए दिन शॉर्ट सर्किट और अन्य हादसों का खतरा बना रहता है।

दुकानदारों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार में फैले तारों के जंजाल को व्यवस्थित करवाया जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़ी घटना को रोका जा सके। वहीं दमकल विभाग के कर्मचारी ने बताया कि लाल बाजार में आग लगने की सूचना मिली थी। टीम ने मौके पर पहुंचकर एक फायर टेंडर की मदद से आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तारों में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।

Scroll to Top