जालंधरः घर के बाहर खड़ी कार को चोरी करने की कोशिश, लोगों के शोर मचाने पर भागे चोर

📍 स्थान / Location: जालंधर जेपी नगर 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Full Video / पूरा वीडियो 📅 September 12, 2026 🌐 GPS: जालंधर

जालंधरः शहर में वाहन चोरी और चोरी के प्रयास की वारदातें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला पॉश इलाके जेपी नगर से सामने आया है, जहां देर रात चोरों ने घर के बाहर खड़ी i-20 कार को चोरी करने की कोशिश की। हालांकि इलाके के लोगों की मुस्तैदी के चलते चोर वारदात को अंजाम देने में कामयाब नहीं हो सके।

कार मालिक और सब्जी मंडी व्यापारी अमित ने बताया कि उन्होंने रोजाना की तरह अपनी कार घर के बाहर पार्क की थी। देर रात करीब 2 बजे पड़ोसियों ने फोन कर बताया कि कुछ लोग उनकी कार के साथ छेड़छाड़ कर रहे हैं। शोर मचाने पर चोर कार को आधी सड़क तक ले गए, लेकिन लोगों के इकट्ठा होने पर उसे छोड़कर फरार हो गए।

पीड़ित के अनुसार, 3 आरोपी एक अन्य i-20 कार में मौके पर पहुंचे थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में आरोपी करीब 10 मिनट तक आपस में बातचीत करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद एक आरोपी ने कार का शीशा और लॉक तोड़ा, फिर डायरेक्ट तारों के जरिए गाड़ी स्टार्ट कर ले जाने की कोशिश की, लेकिन कार स्टार्ट नहीं हुई।

इलाका निवासी संजीव ने बताया कि घटना कैबिनेट मंत्री मोहिंदर भगत के घर के सामने हुई, जहां सुरक्षा भी तैनात रहती है। पुलिस को सूचना देने के बावजूद दोपहर तक कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। उनका आरोप है कि पुलिस का कहना है कि कार चोरी तो हुई नहीं, जबकि सीसीटीवी में आरोपियों की कार का नंबर भी कैद हुआ है।

Scroll to Top