राष्ट्रगान के अपमान पर झूठ बोल रहे हैं मुख्यमंत्री, सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ेगी : जयराम ठाकुर
शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा में प्रश्नकाल के बाद नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने राष्ट्र गान के कथित अपमान को लेकर मुख्यमंत्री पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि मुख्यमंत्री पूरी तरह झूठ बोल रहे हैं, जिसके लिए उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ेगी।
जयराम ठाकुर ने विधानसभा अध्यक्ष से मांग की कि सदन के भीतर बीते रोज गाए गए राष्ट्र गान का वीडियो जारी कर उसे दिखाया जाए ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके कि वास्तव में किसी भाजपा विधायक ने राष्ट्र गान का अनादर किया है या मुख्यमंत्री राजनीतिक लाभ के लिए झूठ फैला रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा के किसी भी विधायक ने राष्ट्र गान का अपमान नहीं किया है और इसे एक बेहद गंभीर मुद्दा बताते हुए सदन के अंदर और बाहर भाजपा विधायकों के साथ पुरजोर प्रदर्शन किया।
नेता प्रतिपक्ष ने पलटवार करते हुए कहा कि राष्ट्र गीत का वास्तविक अपमान स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस मुख्यालय में झंडा फहराने के दौरान हुआ था, जबकि इससे पहले 1937 में कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में राष्ट्र गीत ‘वंदे मातरम्’ को भी खंडित करने का काम किया गया था।
उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि यह देश किसी कांग्रेस वर्किंग कमेटी के फरमान से नहीं, बल्कि केवल संविधान से चलेगा। इसलिए मुख्यमंत्री को अपने निराधार आरोपों को वापस लेकर तुरंत सदन और प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार दिल्ली में हुई बैठक में लिए गए फैसले को विधानसभा में भी लागू कर रही है जिसके तहत वंदे मातरम में केवल दो स्टेंजा गाने का निर्णय लिया गया था।मुख्यमंत्री खुद मीडिया में दिए गए बयान में इसका खुलासा कर चुके हैं।