अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस पर विद्यार्थियों को स्वच्छ वायु के प्रति किया जागरूक

📍 स्थान / Location: मंडी 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Air Pollution 📅 September 7, 2026 🌐 GPS: मंडी

मंडी: अंतरराष्ट्रीय स्वच्छ वायु दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की क्षेत्रीय प्रयोगशाला सुंदरनगर की ओर से बीबीएमबी कॉलोनी स्थित राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (पीडब्ल्यूडी) सुंदरनगर के विद्यार्थियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस वर्ष स्वच्छ वायु दिवस की थीम क्लीन एयर फॉर क्लाइमेट एक्शन यानी स्वच्छ वायु : जलवायु संरक्षण की दिशा में कदम रही।

कार्यक्रम आईटीआई के प्रधानाचार्य विजय चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ, जिसमें करीब 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय प्रयोगशाला, एचपीएसपीसीबी सुंदरनगर की कनिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को वायु प्रदूषण के प्रमुख स्रोतों, इसके स्वास्थ्य एवं पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों तथा वायु गुणवत्ता में सुधार के उपायों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वाहनों से निकलने वाला धुआं, औद्योगिक गतिविधियां, निर्माण कार्यों एवं सड़कों से उड़ने वाली धूल, खुले में कचरा और बायोमास जलाना तथा जीवाश्म ईंधनों का अत्यधिक उपयोग वायु प्रदूषण के प्रमुख कारण हैं। उन्होंने वायु प्रदूषकों के प्रकार और उनसे होने वाले नुकसान के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।

पूजा शर्मा ने विद्यार्थियों को नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम (एनसीएपी) तथा एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) की उपयोगिता और इसके विभिन्न स्तरों के बारे में बताया। उन्होंने खुले में कचरा न जलाने, सार्वजनिक परिवहन एवं स्वच्छ ईंधन को प्राथमिकता देने, ऊर्जा की बचत करने और पर्यावरण-अनुकूल आदतें अपनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल वातावरण के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।

Scroll to Top