इंडस्ट्री, व्यापार और आम जनता को निर्बाध बिजली मिले: अशोक सरीन हिक्की
जालंधर: इंडस्ट्री और शहरवासियों पर बिजली संकट के बढ़ते असर को लेकर जालंधर भाजपा शहरी ने पंजाब सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। भाजपा शहरी प्रधान अशोक सरीन हिक्की के नेतृत्व में भाजपा नेताओं ने डीसी कार्यालय पहुंचकर एसडीएम-1 शुभी आंगरा को मुख्यमंत्री पंजाब के नाम मांगपत्र सौंपा।
इस मौके पर पूर्व विधायक केडी भंडारी, पूर्व विधायक शीतल अंगुराल, पूर्व जिला प्रधान सुशील शर्मा, भाजपा नेता दिनेश ढल्ल काली, प्रदेश सचिव अमरजीत सिंह अमरी, महामंत्री राजेश कपूर और इंडस्ट्री सेल के जिला कन्वीनर हैप्पी दीवान मौजूद रहे। भाजपा नेताओं ने कहा कि बिजली की अनियमित आपूर्ति से जालंधर की स्पोर्ट्स गुड्स, हैंड टूल्स, इंजीनियरिंग और अन्य एमएसएमई इकाइयों का उत्पादन प्रभावित हो रहा है। इससे लागत बढ़ने के साथ उद्योगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
अशोक सरीन हिक्की ने कहा कि सरकार राष्ट्रीय ऊर्जा एक्सचेंज और केंद्रीय पूल से पर्याप्त बिजली खरीदकर इंडस्ट्री को 24×7 निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करे। उन्होंने बिना पूर्व सूचना कट लगाने पर रोक, इंडस्ट्रियल क्षेत्रों के बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और वोल्टेज फ्लक्चुएशन की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की। बिजली संकट केवल उद्योगों तक सीमित नहीं है। व्यापारी, छोटे कारोबारी और आम उपभोक्ता भी प्रभावित हैं। सरकार को सभी प्रभावित वर्गों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर समयबद्ध तरीके से स्थायी समाधान निकालना चाहिए।