वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों में मालगाड़ी के लोको पायलट की तैनाती हटी, भारतीय रेलवे की नई SOP जारी
लुधियाना: राजधानी, शताब्दी, दुरंतो और वंदे भारत जैसी प्रीमियम ट्रेनों के संचालन में अब मालगाड़ी के लोको पायलट (एलपी) की तैनाती नहीं की जा सकेगी। रेलवे बोर्ड ने प्रीमियम के साथ मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में भी गुड्स एलपी की ड्यूटी लगाने पर सख्ती बढ़ा दी है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बोर्ड ने लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर की कार्यप्रणाली को लेकर नया मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) जारी किया है।
रेलवे बोर्ड के निदेशक विद्युत अभियंत्रिकी (चल स्टाक) विकास आनंद ने सभी जोन के महाप्रबंधकों को निर्देश जारी किया है। जारी गाइडलाइन में कहा गया है कि प्रीमियम ट्रेनों में केवल निर्धारित ग्रेड और पर्याप्त अनुभव वाले लोको पायलट की ही तैनाती की जाए।
आपात स्थिति के लिए ए ग्रेड गुड्स एलपी का अलग पैनल तैयार किया जाएगा। इस पैनल में शामिल लोको पायलट की भी अनिवार्य रूप से सेफ्टी स्क्रीनिंग होगी। बिना स्क्रीनिंग किसी गुड्स एलपी को मेल-एक्सप्रेस की लिंक में नहीं लिया जाएगा।
बोर्ड ने लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर के ड्यूटी व रेस्ट आवर्स को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए हैं। निर्धारित अवधि तक आराम पूरा नहीं करने वाले क्रू की बुकिंग करने पर संबंधित कर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई होगी।