ऑस्ट्रेलिया पहुंचते ही बदला पति का रवैया, पत्नी से मारपीट कर 3 लाख डॉलर का लोन लेने का बनाया दबाव

📍 स्थान / Location: निहाल सिंह वाला 🗂️ विषय / Category: पंजाब / Punjab 📹 Australia NRI Case 📅 September 1, 2026

ऑस्ट्रेलिया भेजने के बाद पत्नी को दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उससे 3 लाख डॉलर (करीब 2.5 करोड़ रुपये) का लोन करवाने के

पंजाब डेस्क: मोगा जिले में विदेश में रह रही एक महिला को कथित तौर पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और उस पर 3 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर का लोन लेने का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। निहाल सिंह वाला थाना पुलिस ने शिकायत और जांच के आधार पर महिला के पति, सास और ससुर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

2019 में हुई थी शादी

पुलिस के अनुसार गांव घोलिया खुर्द निवासी जसवीर सिंह ने 23 जुलाई 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी बेटी सुखदीप कौर की शादी वर्ष 2019 में भदौड़ निवासी जसप्रीत सिंह उर्फ गुंदू के साथ हुई थी।

शादी के कुछ समय बाद सुखदीप कौर ऑस्ट्रेलिया चली गई। इसके बाद वर्ष 2023 में उसने अपने पति जसप्रीत सिंह को भी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद ऑस्ट्रेलिया बुला लिया।

ऑस्ट्रेलिया जाने के बाद व्यवहार बदलने का आरोप

शिकायत के मुताबिक, ऑस्ट्रेलिया पहुंचने के बाद पति के व्यवहार में कथित तौर पर बदलाव आ गया। आरोप है कि वह नशे की हालत में पत्नी के साथ शारीरिक और मानसिक दुर्व्यवहार करता था और कई बार उसके साथ मारपीट भी की।

पीड़िता के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में पति और उसके परिवार पर दहेज के लिए दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है।

3 लाख डॉलर का लोन लेने का दबाव

शिकायत के अनुसार, सुखदीप कौर पर ऑस्ट्रेलिया में 3 लाख डॉलर यानी करीब 2.5 करोड़ रुपये का लोन करवाने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर महिला के पिता ने मोगा पुलिस प्रशासन से मामले की शिकायत की।

DSP की जांच के बाद दर्ज हुआ केस

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने जांच डीएसपी निहाल सिंह वाला को सौंपी थी। पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान शिकायतकर्ता द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए।

इसके बाद थाना निहाल सिंह वाला पुलिस ने सुखदीप कौर के पति जसप्रीत सिंह, ससुर गुरदीप सिंह और सास चरणजीत कौर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

Scroll to Top