रामपुर के अउमरी मोड़ पर अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
शिमला। रामपुर पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार और परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में शराब और बीयर बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना रामपुर की टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग पर थी। इसी दौरान उमरी मोड़ के पास पुलिस ने दो व्यक्तियों को संदिग्ध परिस्थितियों में चेक किया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में शराब और बीयर बरामद हुई।
आरोपियों की पहचान दीपक भारद्वाज उम्र 29 वर्ष, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला तथा सुखा नंद, निवासी तहसील रामपुर, जिला शिमला के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से कुल करीब 1,488 बोतलें बरामद की हैं। बरामद खेप में 1,140 बोतलें ऊना नंबर-01, 108 बोतलें थंडर बोल्ट बीयर, 96 बोतलें ओल्ड मोंक, 60 बोतलें ICONIQ White और 84 बोतलें Royal Stag शामिल हैं।
पुलिस ने बरामद शराब और बीयर को नियमानुसार कब्जे में ले लिया है। इस संबंध में थाना रामपुर में FIR संख्या 103/2026, दिनांक 17 सितंबर 2026 दर्ज की गई है। मामला हिमाचल प्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 39(1)(a) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि अवैध शराब के कारोबार और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान लगातार जारी रहेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था।