हिमाचल विधानसभा में हंगामा, अटैची लेकर पहुंचे BJP विधायक; जयराम ठाकुर ने सरकार पर लगाए भ्रष्टाचार के आरोप

📍 स्थान / Location: शिमला 🗂️ विषय / Category: हिमाचल / Himachal 📹 Himachal Assembly monsoon session 📅 August 24, 2026 🌐 GPS: शिमला

शिमलाः हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे दिन की कार्यवाही भी हंगामे के साथ शुरू हुई है। सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही विपक्षी भाजपा और सत्ता पक्ष कांग्रेस विधायकों ने एक-दूसरे के खिलाफ विधानसभा परिसर में धरना-प्रदर्शन किया और सदन की कार्यवाही न चलने के आरोप लगाए। भाजपा ने आज भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर हमला बोला और भाजपा विधायक हाथों में अटैची लेकर विधानसभा पहुंचे।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार में सिर से लेकर पांव तक डूबी हुई है। कांग्रेस के ही नेता सरकार पर तीन अटैची दिल्ली भेजने और दो मुख्यमंत्री कार्यालय में रखने के आरोप लगा रहे हैं। बिना पैसे के कोई काम नहीं हो रहा। पिछले 4 वर्षों से प्रदेश का विकास ठप है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा सदन चलाना और जनता के मुद्दे उठाना चाहती है, लेकिन कांग्रेस भाग रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पर राष्ट्रीय गान के अपमान के झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। पहले दिन की कार्यवाही की वीडियो फुटेज की मांग की गई थी, लेकिन वह नहीं दी जा रही। विपक्ष राष्ट्रीय गीत के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेगा।

वहीं, दूसरी तरफ उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि विपक्ष देश में महंगाई, चंदा चोरी, पेपर लीक जैसे बड़े मुद्दे को दबाने की कोशिश कर रहा है, इसलिए सदन की कार्यवाही को बार-बार बाधित किया जा रहा है। सत्ता पक्ष चाहता है कि जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हो।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रीय गान दोनों का सम्मान करती है। लेकिन सदन नियमों और संविधान के तहत चलता है। भाजपा मुद्दों से भाग रही है। आज देश में महंगाई सबसे बड़ा मुद्दा है। चीनी के दाम 80 रुपये तक पहुंच गए हैं। अन्य चीजें भी महंगी हुई हैं, लेकिन भाजपा अपनी राजनीति चमकाने में लगी है।

Scroll to Top