हेड मास्टर ऋषि मनचंदा को राज्य पुरस्कार मिलने पर विधायक ने किया सम्मानित
मोगा: पंजाब सरकार की ‘शिक्षा क्रांति’ के तहत स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए मोगा के होनहार हेड मास्टर ऋषि मनचंदा को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किए जाने पर मोगा हलके की विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
इस अवसर पर विधायक डॉ. अमनदीप कौर अरोड़ा ने कहा कि ऋषि मनचंदा ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उनकी सेवाओं को राज्य स्तर पर सम्मान मिलना न केवल उनके लिए बल्कि पूरे मोगा जिले के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने कहा कि एक शिक्षक का कार्य केवल विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान देना नहीं, बल्कि उनके व्यक्तित्व का निर्माण कर उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करना भी है। श्री ऋषि मनचंदा द्वारा शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयास निश्चित रूप से अन्य शिक्षकों के लिए भी प्रेरणादायक हैं। उन्होंने परमात्मा से प्रार्थना की कि श्री ऋषि मनचंदा इसी प्रकार शिक्षा के क्षेत्र में अपनी सेवाएं जारी रखते हुए विद्यार्थियों के भविष्य को रोशन करते रहें और आने वाले समय में भी जिले का नाम रोशन करें।